दीपांकर बोले- हिंसा व आतंक के बल चुनाव जीतना चाहती है BJP, अब गुजरात मॉडल के सामने बिहार मॉडल रखें नीतीश कुमार



संवाद सहयोगी, जमुई: भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा हिंसा और आतंक के बल पर साल 2024 का लोकसभा चुनाव जीतना चाहती है। विपक्ष एकजुटता बढ़ाए और सुनिश्चित करे कि हिंसा और आतंक का माहौल न बने ताकि जनता अपने मुद्दों पर वोट दे सके।
दीपांकर भट्टाचार्य गुरुवार को शहर के द्वारिका विवाह भवन में आयोजित बिहार राज्य कमेटी की दो दिवसीय बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि देश में अमृतकाल नहीं बल्कि स्थाई आपातकाल है। इससे देश को मुक्त करना चाहिए। लोकतंत्र खतरे में है। संविधान पर रोज हमले हो रहे हैं।

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि अदाणी और मोदी के रिश्ते पर सवाल उठाना राहुल गांधी को महंगा पड़ा। राजनीतिक साजिश के तहत राहुल गांधी को एक साधारण मामले में दो साल की सजा सुनाई गई। देश में सबसे बड़ा भ्रष्टाचार अदाणी घोटाला है। मोदी के साथ रिश्ते नहीं होते तो देश में अदाणी का इतना बड़ा साम्राज्य नहीं होता।
Jamui Crime: जमुई में जमीन के विवाद में घर में घुसकर महिला की गला घोंटकर हत्या, हिरासत में आधा दर्जन आरोपी यह भी पढ़ें
रामनवमी पर सासाराम और नालंदा की घटना को भाजपा की साजिश बताते हुए कहा, ''गोरखनाथ पांडे ने अपनी एक कविता में लिखा था कि इस बार बड़ा दंगा हुआ। खूब हुई खून की होली। अगले साल फसल खूब होगी मतदान की। चुनाव से पहले हिंसा कराकर वोट लेने की राजनीति भाजपा कर रही है।''
दीपांकर ने सासाराम और नालंदा की घटना में भाजपा की साजिश के साथ-साथ प्रशासनिक चूक को भी जिम्मेदार ठहराया। कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा हुई चूक की जांच कर अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही गुजरात मॉडल के विकल्प के रूप में बिहार मॉडल पेशकर लोकसभा चुनाव लड़ने की भी बात कही। इस अवसर पर पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य स्वदेश भट्टाचार्य, जमुई जिला सचिव शंभू शरण सिंह भी मौजूद थे।


अन्य समाचार