हर्ष फायरिंग में युवक की मौत: बड़ा भाई बोला- हत्या की है, दौड़ाकर मारा, 4 पर FIR, अवैध राइफल समेत एक गिरफ्तार



 संवाद सूत्र, कैमूर: भगवानपुर थाना क्षेत्र के कीनरचोला गांव में शुक्रवार की रात एक वैवाहिक कार्यक्रम में हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कीनरचोला गांव निवासी बासगीत राम के 28 साल के बेटे बाबूलाल राम के तौर पर हुई है। मृतक के बड़े भाई ने गांव के ही चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी कराई है।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी कर गांव के एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके घर से अवैध रायफल भी बरामद की। साथ ही दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, कीनरचोला गांव निवासी शिक्षक नागेंद्र नारायण सिंह उर्फ नथुनी सिंह की पुत्री का विवाह था। बारात रोहतास जिले के तकिया से आई थी। रात लगभग नौ बजे द्वार पूजा चल रही थी। इसी दौरान डीजे की धुन पर कई लोग नाच रहे थे। द्वार पूजा व नाच में पटाखा भी छूट रहे थे। बाबूलाल नाच देख रहा था।
इसी दौरान की गई हर्ष फायरिंग में गोली बाबूलाल राम को लग गई, लेकिन किसी ने यह शक नहीं किया कि गोली चली है। लोगों ने पटाखा छूटने के चलते गोली चलने की बात पर गौर नहीं की, लेकिन जब बाबूराम गोली लगने के चलते गिर गया, तब इस घटना की जानकारी हुई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन उसे सामुदायिक केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को इस बात पर यकीन नहीं हुआ और वे उसे जिला अस्पताल लेकर गए, वहां भी उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली उसके दाहिने तरफ सीने में लगी है। इस बीच, घटना की सूचना भगवानपुर थाना को भी मिली। सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल प्रसाद दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को अपने कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम करा कर स्वजन को सौंप दिया।


छापेमारी में अवैध राइफल हुई बरामद 
मृतक के बड़े भाई ब्रजेश राम ने चार लोगों- अमित सिंह, धनंजय सिंह, आलोक सिंह व नंद किशोर सिंह के नाम प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस ने गांव के बिजेंद्र सिंह को उसके घर से अवैध राइफल बरामद होने पर गिरफ्तार किया। इसके अलावा, दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर थाना ले आई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। शीघ्र ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।


CO ने तत्काल दिया पारिवारिक योजना का लाभ
थानाध्यक्ष व सीओ विनोद कुमार सिंह ने पारिवारिक लाभ के तहत मृतक की पत्नी को 20 हजार रुपये दिए, जबकि कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार तथा थानाध्यक्ष ने अपनी ओर से दो हजार रुपये दिया। स्वजन ने बताया कि मृतक बाबूलाल राम को दो वर्ष का लड़का है। घटना के बाद उसकी पत्नी आभा देवी रो-रो कर बेसुध हो जा रही है। मृतक पांच भाई हैं, जिनमें वह चौथे नंबर पर वह था।

अन्य समाचार