भाजपा नेता विजय सिन्हा बोले- हम नवरात्रि में फलाहार कराएं तो सांप्रदायिक और ये इफ्तार कराएं तो धर्मनिरपेक्ष



संवाद सहयोगी, लखीसराय: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता सह क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को कहा कि बहुसंख्यक को अपमानित करना, सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को चोट पहुंचाना महागठबंधन का चरित्र हो गया है। इफ्तार पार्टी के बहाने महागठबंधन के लोग तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। समाज में नफरत और द्वेष फैलाकर जातीय हिंसा करा रहे हैं। इन लोगों के पास सासाराम एवं बिहारशरीफ की घटना में पीड़ित परिवार से मिलने तक का समय नहीं है।

भाजपा नेता विजय सिन्हा लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार इफ्तार पार्टी मनाने में व्यस्त हैं। दूसरी ओर क्षेत्र में लगातार हत्या, भ्रष्टाचार, लूट की घटना हो रही है। नवरात्रि में फलाहार की व्यवस्था किए जाने पर यही लोग भाजपा को सांप्रदायिक कहते हैं और खुद को धर्मनिरपेक्ष बताते हैं।
महागठबंधन के लोग कभी रामचरित मानस पर सवाल उठाते हैं तो कभी हिंदुत्व की आलोचना करते हैं। इन लोगों को चंदन लगाने में शर्म आती है जबकि टोपी पहनने पर गौरवान्वित महसूस करते हैं। बिहार विधानसभा में राष्ट्रगीत का ना गाया जाना, राजद, जदयू, कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी के लोगों के चरित्र को दर्शाता है। ये लोग राष्ट्र को कमजोर करने वाले पीएफआई और मदरसा में होने वाली देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
लखीसराय: ASP के बीमार बेटे को इंजेक्शन देने पहुंचा गार्ड, हाथ सूजा तो बहाना बनाकर भागा, अस्पताल डाल रहा पर्दा यह भी पढ़ें
बिहार की जनता इन लोगों के चरित्र को देख रही है। साल 2024 में बिहार की सभी 40 सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है। बिहार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा पूर्ण बहुमत प्राप्त करेगी। इससे पहले उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. देवानंद साहू, जिला उपाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य अमित सागर और विकास आनंद आदि मौजूद थे।


अन्य समाचार