यज्ञ में शामिल होने गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, गंभीर हालत में मिली पीड़िता को 6 घंटे बाद आया होश, 3 पर FIR



जागरण संवाददाता, गोपालगंज : जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बेहोशी की हालत में किशोरी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। किशोरी शुक्रवार शाम अपनी सहेलियों के साथ गांव से बाहर आयोजित यज्ञ में शामिल होने गई थी। यज्ञ से लौटने के दौरान उसे अगवा किया गया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी शुक्रवार की शाम सहेली के साथ यज्ञ में शामिल होने गई थी। जब यज्ञ करने के बाद किशोरी अपनी सहेली के साथ लौट रही थी, तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने रास्ते में एक पुलिया के पास रोक लिया। युवकों ने उसकी सहेली  को पीटा और गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया। फिर किशोरी को अगवा करने के साथ ही युवक उसे सुनसान जगह पर ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए।

उधर, किशोरी की सहेली ने उसके घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन ने पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी दी और दौड़ते-भागते घटनास्‍थल पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष धनंजय कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद बेहोशी की हालत में मिली किशोरी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। किशोरी को करीब छह घंटे इलाज के बाद होश आया। शनिवार को किशोरी से महिला थानाध्यक्ष आफशां प्रवीन ने घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने किशोरी के बयान पर उसके ही गांव के दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी की। इसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करने में करने के लिए छापेमारी में जुट गई। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों के घर व उनके रिश्तेदारों के यहां गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।


अन्य समाचार