Bihar: सिवान में पुलिस की गश्ती दल पर हमला, ड्राइवर को गाड़ी से खींचकर भीड़ ने पीटा; सब-इस्पेक्टर भी हुईं घायल



बड़हरिया (सिवान), जागरण संवाददाता। सिवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के माधवपुर मीरा छपरा में शुक्रवार की रात गश्त करने गई पुलिस टीम पर शरारती तत्वों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस सब-इंस्पेक्टर दुर्गा कुमारी को आंशिक चोटें आई हैं।
दाेनों घायलों को इलाज के लिए गश्ती दल की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चालक की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।  घायल चालक अरविंद कुमार है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में माधवपुर मीरा छपरा गांव से एक महिला सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पीएसआइ दुर्गा कुमारी शुक्रवार की रात स्कार्पियो से दलबल के साथ गश्त पर निकली थी। तभी बड़हरिया-गोपालगंज मुख्य मार्ग पर माधवपुर मीरा छपरा के समीप एक संदिग्ध अवस्था में पिकअप खड़ी थी। पीएसआइ ने जब उसका पीछा किया तो दर्जनों की संख्या में शरारती तत्वों ने पुलिस गश्त दल की वाहन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
संसद भवन में सिवान की बेटी आकांक्षा की प्रतिभा के कायल हुए सभी, इस प्रदेश की तरफ से की शिरकत यह भी पढ़ें
शरारती तत्वों ने गश्ती दल के वाहन चालक अरविंद कुमार को गाड़ी से खींच लिया और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान शरारती तत्वों के हमले से पीएसआइ को भी आंशिक चोटें आईं। गश्ती दल ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष पंकज कुमार को दी।
मामले की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने काफी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर भेजा और घायल पीएसआइ व चालक को भीड़ से छुड़ाया। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चिकित्सकों ने चालक की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पीएसआइ का प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया।

घटना के बाद पुलिस शरारती तत्वों की गिरफ्तारी के लिए माधवपुर मीरा छपरा गांव में छापेमारी कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दोषियों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।

अन्य समाचार