Sheohar: उत्पाद विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप; छापेमारी कर जब्त की 20 लाख की शराब, माफिया समेत 18 गिरफ्तार



शिवहर, संवाद सहयोगी: उत्पाद अधीक्षक रणधीर कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभाग की टीम ने रविवार को शहर से सटे महुअरिया गांव में छापेमारी कर 75 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की।
वहीं, शराब माफिया महुअरिया निवासी रमेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर किया। जब्त शराब की कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है। जिले में उत्पाद विभाग की अबतक की यह सबसे बड़ी सफलता है।

विभाग ने पहली बार शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद की है। बताया गया कि शराब माफिया द्वारा शराब की बड़ी खेप मंगवा कर भंडारण किया गया था,  जिसे बेचने की तैयारी थी।
गुप्त सूचना पर उत्पाद निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में उत्पाद अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार व पुलिस बल समेत विभाग की टीम ने छापेमारी कर यह सफलता हासिल की है। इसकी जानकारी उत्पाद अधीक्षक रणधीर कुमार सिंह ने दी।

बताया कि रमेश कुमार सिंह लंबे समय से इलाके में शराब का अवैध कारोबार कर रहा था। इसकी मिली गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें सफलता मिली है।
इसके पूर्व शनिवार की रात शहर व आसपास के इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान शराब के साथ तस्कर और पियक्कड़ समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया था।

उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान विभाग की टीम ने यह सफलता हासिल की थी।
इधर, उत्पाद विभाग की लगातार जारी कार्रवाई से शराब तस्कर, माफिया और पियक्कड़ों में हड़कंप मच गया है।

अन्य समाचार