Bihar: भोजपुर में जेल से जमानत पर छूटकर आए आरोपित की हत्या, बदमाशों ने सिर में मारी गोली; चार गिरफ्तार



आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव में शनिवार की देर रात जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आए एक आरोपित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक 46 वर्षीय घनश्याम यादव सरैया गांव निवासी अकलू यादव के पुत्र थे। सिर के पास गोली के जख्म का निशान पाया गया है। घटना रात एक बजे की है। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

इधर, भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि कृष्णागढ़ थाना अंतर्गत सरैया क्षेत्र टोला निवासी घनश्याम यादव अभी कुछ दिन पहले जेल से छूटकर आए थे। गांव के ही मैनेजर यादव और उनके लड़कों के बीच आपसी लड़ाई चल रही थी। इस बीच में रात में मैनेजर यादव और उसके लड़कों ने घनश्याम यादव को गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपितोंं को गिरफ्तार कर लिया है। स्थिति सामान्य है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। दूसरी ओर वारदात के बाद रविवार सुबह आठ बजे के बाद शव उठ सका। मृतक की पुत्री पुतुल कुमारी ने 11 नामजद समेत तीन अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है।

अन्य समाचार