मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 17वीं बार फहराया तिरंगा

15 Aug, 2023 06:34 PM | Saroj Kumar 1612

देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के मुख्यमंत्री माननीय नीतीश कुमार ( Nitish Kumar) ने मंगलवार को पटना के गांधी मैदान में तिरंगा झंडा फहराया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब तक लगातार 17वीं बार झंडा फहराया है जो एक रिकॉर्ड बन गया है। उनसे पहले सबसे ज्यादा तिरंगा फहराने का रिकॉर्ड राज्य के पहले मुख्यमंत्री बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह के नाम था। उन्होंने 14 बार गांधी मैदान में झंडा फहराया। श्रीकृष्ण सिंह ने 1946 से जनवरी 1961 तक बिहार की सेवा की।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार 24 नवंबर 2005 से मुख्यमंत्री पद पर हैं। वह साल 2013 तक लगातार मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद उन्होंने 20 मई 2014 को जीतन राम मांझी को सीएम बनाया। नीतीश कुमार 2015 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। इस तरह श्रीबाबू के बाद सबसे ज्यादा दिनों तक सीएम की कुर्सी पर रहने का रिकॉर्ड नीतीश कुमार के नाम है। नीतीश के बाद श्रीकृष्ण सिंह, राबड़ी देवी ने 8 बार गांधी मैदान में झंडा फहराया। राजद सुप्रीमो लालू यादव भी 7 बार तिरंगा फहरा चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र ने भी मुख्यमंत्री रहते हुए 6 बार गांधी मैदान में झंडा फहराया था।

अन्य समाचार