नागरिकता संशोधन कानून के बारे में अफवाह फैला रही विपक्षी पार्टियां

अरवल। नागरिकता संशोधन कानून देशहित में लागू किया गया है। इस कानून से देश के किसी भी लोगों को डरने की जरूरत नहीं है जबकि विरोधी दल के लोग नागरिकता संशोधन कानून के बारे में अफवाह फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह टाइगर ने परिसदन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष लोगों को गुमराह और दिग्भ्रमित कर रहा है। इस कानून से मुस्लिमों के साथ ही किसी को कोई खतरा नहीं है। इसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट कहा है कि एनआरसी का नियम और प्रक्रिया तय होना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि यह कानून सबके लिए है। इस कानून से किसी की नागरिकता नहीं छिनी जाएगी बल्कि यह कानून नागरिकता देने वाला कानून है। उन्होंने कहा कि किसी धर्म से कानून को कोई लेना देना नहीं है। यह कानून वैसे लोगों के लिए है जो आजादी के बाद धार्मिक आधार पर अपने देश से बाहर कर दिए गए थे और भारत मे रह रहे थे। उन्हें सम्मान पुर्वक जीने का अधिकार दिया गया है। एनआरसी एक नागरिकों का केवल रजिस्टर है जिसमें देश के हर नागरिक को अपना नाम दर्ज कराना होगा। उन्होंने कहा कि नागरिकता संबंधित किसी को भी धार्मिक आधार पर लोगो को बाहर नहीं रखा जाएगा। एनआरसी पर केंद्र सरकार ने न तो कोई अधिकारीक घोषणा की है और नही इसके लिए कोई नियम कानून बने हैं। विपक्षी दल लोगों को दिग्भ्रमित कर रहा है और जानबुझ कर लोगों को उकसाया जा रहा है। सरकारी संपत्ति की क्षति पहुंचाने की कोशिश की जा रही है जो कि बिल्कुल गलत है। हारे हुए लोग इस कानून को गलत तरीके से समझा कर लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। इस अवसर पर किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता धर्मेंद्र तिवारी, सीडी शर्मा, बलराम सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय पासवान, रामविनय शर्मा, श्रीकांत शर्मा तथा हरेंद्र नारायण सिंह आदि लोग मौजूद थे।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार