रचनात्मक कार्य करने वाले को दुनिया करती है याद : कुलपति

छपरा : जगदम कॉलेज ने अपने कुलदेवता स्व. प्रभुनाथ सिंह (मंत्री जी) की जयंती सह कॉलेज का स्थापना दिवस बुधवार को समारोह पूर्वक मनाया। समारोह का विधिवत उद्धाटन दीप प्रज्वलित कर जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह, प्रतिकुलपति प्रो. डा. अशोक कुमार झा, जगदम कॉलेज के प्राचार्य डॉ.के. के बैठा, पूर्व प्राचार्य प्रो. कृष्ण कुमार द्विवेदी एवं प्रो. एचके वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। जयंती समारोह की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने विद्यार्थियों को आह्वान करते हुए कहा कि जो व्यक्ति रचानात्मक कार्य करता है। इसे दुनिया युगों - युगों तक याद करती है। स्व. प्रभुनाथ सिंह शिक्षा प्रेमी थे। उन्होंने अपने प्रयास से यह महाविद्यालय स्थापित किया, जिसके कारण उन्हें हम याद कर रहे है। उच्च शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन करने पर उन्होंने बल दिया। समारोह को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश सरकार के ओएसडी व नीति आयोग के सदस्य प्रो. ए. के पाठक ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए रोजगार परक शिक्षा की जरूरत है। विश्वविद्यालय को शोध का केंद्र बनाने की जरूरत है। प्रतिकुलपति डा. अशोक कुमार झा ने कहा कि स्व. प्रभुनाथ सिंह गरीबों के मसीहा एवं शिक्षा प्रेमी थी। वे हमेशा दुखियों व गरीबों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे।


पूर्व प्राचार्य डा.कृष्ण कुमार द्विवेदी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वे राजनीति में रहते हुए भी हमेशा आमलोगों के नजदीक रहे। अपने जीवन के अंतिम समय तक जन सेवा करते रहे। प्रो. एच के वर्मा ने कहा कि उच्च शिक्षा में सुधार के लिए शिक्षक, छात्र एवं अभिभावक को सामूहिक रूप से प्रयास करना होगा। प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार द्विवेदी ने स्वागत करते हुए कॉलेज के विकास की बात कही। उन्होंने जल्द ही व्यवसायिक कोर्स प्रारंभ करने को कहा। कुलपति ने राष्ट्रपति से पुरस्कृत एनएसएस कैडेट कुमारी अनीषा, मंटू कुमार यादव एवं एनएसएस के पूर्व समन्वयक डॉ. विद्या वाचस्पति त्रिपाठी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उसके साथ ही कॉलेज के सेवानिवृत लिपिक शशि भूषण सिंह को भी सम्मानित किया गया।
कॉलेज की छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। छात्रा कुमारी अनीषा व ममता कुमारी ने कथक प्रस्तुत कर लोगों को झूमा दिया। स्वागत गान एनएसएस कैडेट कुमारी पंखुरी, रिमी कुमारी, संजू कुमारी, मनोज कुमार, संदीप कुमार, रंजीत कुमारी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व सीनेट सदस्य ब्रजकिशोर सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन एनसीसी आफिसर डॉ. विश्वामित्र पांडेय ने किया।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार