भतीजे को गोली मारने के मामले में रिटायर्ड फौजी को जेल

आरा। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बकरी गांव में अपने भतीजे को गोली मारने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी को जेल भेज दिया। हमले में गोली लगने से घायल बालक का इलाज सदर,आरा में चल रहा है। घायल बालक बाल मुकुंद चौधरी ( 10 वर्ष) बकरी गांव निवासी संतोष चौधरी का पुत्र है। बायें पैर के भाग में गोली लगी थी। घटना के मूल में संपत्ति बंटवारे संबंधी विवाद की बात सामने आ रही है। इसे लेकर घायल बच्चे ने अपने चाचा रिटायर्ड फौजी और चाची के के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। जिसके आधार पर पुलिस ने रिटायर्ड फौजी और उसकी पत्नी को पहले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, झड़प में फौजी और उसकी पत्नी को भी चोटें आई थी। जिन्हें इलाज के बाद गुरुवार को जेल भेजा गया। मालूम हो कि बकरी गांव निवासी संतोष चौधरी और मुरारी चौधरी के बीच करीब दो महीने से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। इस बीच 31 दिसंबर को घर में भूसा रखने को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया था। जिसके बाद दोनों भाइयों के बीच तकरार हो गई थी। इस दौरान सनकी चाचा ने फायरिग शुरू कर दी थी। जिसमें एक गोली दस साल के भतीजे बाल मुकुंद को पैर में जा लगी थी। इसके बाद घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा के इमरजेंसी कक्ष में लाया गया था।


-----------
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार