सामाजिक सरोकार को मजबूत करेगी मानव श्रृंखला :डीएम

सोमवार को स्थानीय प्रखंड कार्यालय परिसर में मानव श्रृंखला को लेकर जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। जिसमें जुटे पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मियों, गणमान्य लोगों ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। लोगों को मानव श्रृंखला के उद्देश्य के बारे में बताया गया। मोहनियां के लोगों के सामाजिक कार्यों में रुचि व  जागरूकता की पदाधिकरियों ने सराहना की। कला जत्था ने गीत के माध्यम से जल जीवन हरियाली के महत्व को बताया। दहेज प्रथा व बाल विवाह का विरोध करने का संदेश दिया। स्कूली छात्राओं ने राष्ट्रगान व स्वागत गान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी डा.नवल किशोर चौधरी ने कहा कि जल जीवन हरियाली, नशा मुक्त समाज, बाल विवाह के  विरोध को ले 19 जनवरी को मानव श्रृंखला का निर्माण होगा। जिले में अब तक जितने भी सरकार प्रायोजित सामाजिक कार्यक्रम हुए हैं उसमें कैमूर प्रदेश में अव्वल रहा है। सामाजिक कार्यक्रम के लिए कानून बनता है। अभियान चलता है। इसमें कुछ लोग व्यवधान पैदा करने का प्रयास करते हैं। लेकिन बुलंद हौसले वाले लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। बुलंद हौसले के आगे नकारात्मक सोच वालों को परास्त होना पड़ता है। अप्रैल माह शुरू होते ही जिले में पेयजल की समस्या उत्पन्न होने  लगती है। चापाकल का पानी सूखने लगता है। प्रशासन के समक्ष लोग पेयजल की व्यवस्था के लिए गुहार लगाने लगते हैं। पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है। लेकिन यह भी व्यवस्था सीमित है। जहां से पानी का खिचाव हो रहा है वही सूख जाएगा तब सारी व्यवस्था बेकार हो जाएगी। इसी को लेकर सूबे में जल जीवन हरियाली कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके लिए 24400 करोड रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। जिससे कुएं, तालाब, आहर, पइन व अन्य जलस्त्रोतों को व्यवस्थित किया जाएगा। स्वस्थ जीवन जीने के लिए स्वच्छ हवा चाहिए। इसका माध्यम पेड़ पौधे हैं। समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाला कल परेशानियों भरा होगा। स्वच्छ हवा के लिए घर के इर्द-गिर्द,सड़कों के किनारे तथा खाली जमीन में वृक्षों का होना जरूरी है। हर व्यक्ति को एक पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए। जिससे धरती को हरा भरा बनाने में मदद मिले। पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी रखवाली भी करें जब तक कि वह वृक्ष का रूप न ले ले। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ व संचालन सीडीपीओ नीरू बाला ने किया। इस मौके पर डीएसओ पीके झा, डीआरडीए निदेशक, एसडीएम शिव कुमार राउत, डीसीएलआर नुरुल ऐन, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी रमेन्द्र कुमार, सीओ राकेश कुमार सिंह, नपं के ईओ संजय उपाध्याय, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शिव जी, सभी पंचायतों के मुखिया, पैक्स अध्यक्ष, जीविका दीदी, आशा कार्यकर्ता व सभी विभाग के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार