पुलिस के ऑपरेशन मजनूं का दिखने लगा असर

जागरण संवाददाता, बक्सर : पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय के निर्देश पर राज्य भर में पूरी सख्ती के साथ ऑपरेशन मजनूं के तहत लफंगों और मनचलों पर कार्रवाई जारी है। लगातार चलाए जा रहे इस अभियान के बाद अब इसका असर भी स्कूलों और कोचिग आदि पर दिखाई देना शुरू हो गया है। आए दिन छात्राओं और युवतियों के साथ हो रही छेड़छाड़ तथा दुष्कर्म की घटनाएं सूबे में काफी बढ़ गई थी। इसको देखते हुए पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय के निर्देश पर पूरे राज्य स्तर पर ऑपरेशन मजनू चलाया गया। इसके तहत विभिन्न स्कूलों और कोचिग संस्थानों के इर्द गिर्द सादे वेश में पुलिस के जवान और अधिकारियों के साथ महिला पुलिस के जवानों को तैनात किया जा रहा है। जिनके निशाने पर सिर्फ वहां खड़े मनचले और लफंगे टाइप के युवक हैं। जिन्हें देखते ही पुलिस पकड़कर थाना ले जाने के बाद उनके अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी देने के बाद छोड़ रही है। विगत दस दिनों से जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक करीब दो सौ से अधिक लफंगों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इस बीच लगातार चलाए जा रहे अभियान का साफ असर विभिन्न संस्थानों के अस-पास दिखाई देना शुरू हो गया है। विगत दो दिनों में बक्सर से लेकर डुमरांव तक एक भी लड़के नहीं पकड़े गए हैं। हालांकि, पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस के इस अभियान से अब शैक्षणिक संस्थानों के इर्द गिर्द खड़े होने वाले युवकों का जमावड़ा समाप्त होने लगा है। इसके साथ ही अभियान के लगातार जारी रहने तथा अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी देने से काफी हद तक फर्क पड़ा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले आदेश तक लगातार चलता रहेगा।

रामनगर मध्य विद्यालय में मनी जननायक की जयंती यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार