झाड़-फूंक के चक्कर में 50 हजार नकद व 15 लाख के जेवरात की ठगी गंवाए

संवाद सूत्र, हरनौत (नालन्दा)। झाड़-फूंक एवं तंत्र-मंत्र जैसे अंधविश्वास के चक्कर में पड़ कर श्रीचंदपुर निवासी सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निरीक्षक ब्रजनंदन प्रसाद की पत्नी पुष्पा देवी 50 हजार रुपये नकद एवं करीब 15 लाख रुपये के जेवरात गंवा बैठी। हरनौत अस्पताल में बतौर आशा कार्यरत पुष्पा देवी को जब ठगे जाने का एहसास हुआ तो स्थानीय थाना पुलिस में बिट्टू पासवान की पत्नी कांति देवी के विरुद्ध इसकी शिकायत दर्ज कराई। कांति पर ठगी करने व गहने चोरी के भी इल्जाम लगे हैं।

पीड़िता आशा ने बताया है कि चार साल से पहले क्षेत्र भ्रमण के दौरान रेलवे स्टेशन के निकट गिर गईं थीं। हमदर्द बनकर कांति देवी ने सहारा दिया था। बताया कि उसने उस वक्त कुछ बुदबुदाए। मेरा दर्द दूर हो गया। तब से मैं उसकी मुरीद हो गयी। फिर कांति देवी पुष्पा देवी के घर में जगह बना ली। आते-जाते उसके परिवार के सदस्यों एवं जेवरात आदि की जानकारी उक्त भक्तिन ने कर ली। भक्तिन को घर मे बढ़ती पैठ को ले पुष्पा को पति से अक्सर कलह होती थी। उक्त कथित भक्तिन कांति ने पुष्पा को डर दिखाया कि कोई उसके बेटे के जान के पीछे पड़ा है इसलिए अक्सर बीमार रहता है। यह भी डर दिखाया कि उसके मुंबई में रहने वाले दामाद उसकी बेटी को कहीं छोड़ न दे। आरोप है कि इन्ही सब के लिए तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपए ठग ली। मौका पाकर अनाज के ड्रम में रखे गहने चोरी कर ली।

................
पति, पुत्र व दामाद के अहित का डर दिखा भक्तिनी ने की ठगी
.............
पुष्पा देवी की पति से अक्सर कलह होती थी। इसी बीच बेटे की तबियत खराब हुई थी। दामाद मुंबई में रहता था। इन्हीं तीनों बातों को भक्तिनी ने ठगी का औजार बना लिया। उसने पति दूसरी औरत के चक्कर में है, कोई बेटे की जान के पीछे पड़ा है और बेटी का घर कोई बिगाड़ देगा का डर पुष्पा के मन में बिठा दिया था। सबों को रास्ते पर लाने के लिए कभी बाला, तो पायल एक-एक करके आठ-दस लाख के गहने ले गई। यही नहीं, बल्कि बातचीत में जानकारी ले ली कि बेटी के गहने उसके पास ही हैं। उसके चोरी होने की आशंका जताते हुए भक्तिनी ने घर के अनाज भरे एक ड्रम में रखवा दी। दो दिन बाद वही भक्तिनी ने उन्हें फोन कर बताया कि ड्रम से गहने चोरी हो गये हैं। जाकर देखा तो सही में गहने नहीं थे। उक्त महिला जब चाहे पुष्पा देवी के घर आती-जाती रहती थी। उनका कहना है कि वो गहने भी भक्तिनी ने ही चुरा लिए। कुल मिलाकर करीब 15 लाख के गहने व नगद 50 हजार की ठगी व चोरी का आरोप लगाया है। आरोपी महिला बस्ती गांव जाने वाली रोड में किराए के मकान में रहती थी। इधर, उसका सही ठिकाना पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार