जयशंकर प्रसाद के मन में महिलाओं के प्रति थी अगाध श्रद्धा

अररिया। इंद्रधनुष साहित्य परिषद फारबिसगंज के तत्वावधान में महाकवि, नाटककार और कथाकार जयशंकर प्रसाद की जयंती मांगन मिश्र मार्तंड की अध्यक्षता में मनाई गई। स्थानीय पीडब्ल्यूडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन विनोद कुमार तिवारी ने किया। जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित साहित्य प्रेमियों की ओर से जयशंकर प्रसाद की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित की गई। फिर सभाध्यक्ष मार्तण्ड और बाल साहित्यकार हेमंत यादव शशि ने बताया कि जय शंकर प्रसाद का जन्म 30 जनवरी 1889 को कासी में एक संपन्न साहू परिवार में हुआ था। उनपर शुरू से ही अनेक विपत्तियां आईं। उनके माता पिता और बड़े भाई का देहांत हो गया, जिससे परिवार का सारा दायित्व उनके ही कंधे पर आ गया। उन दायित्वों को निभाते हुए वे लेखन भी करते गए। महिलाओं के प्रति उनके मन में अगाध श्रद्धा थी। उनकी एक प्रसिद्ध उक्ति थी, नारी तुम श्रद्धा हो। उनका मानना था की श्रद्धा के बिना प्रेम नहीं हो सकता। वहीं आलोक दुगड़ ने कहा कि प्रसाद ने अनेक काव्य ग्रन्थ, नाटक और कहानियां लिखीं। कामायनी उनकी प्रसिद्ध रचना है। उनकी कविता- अरुण मधुमय यह देश हमारा, जहां पहुंच अनजान क्षितिज को मिलता एक सहारा, भारत वासियों को हमेशा राष्ट्रीयता के लिए प्रेरित करने का एक मंत्र है। हर्ष नारायण दास ने बताया कि प्रसाद की रचनाएं पुरानी ब्रज भाषा में होती थी। बाद में उन्होंने हिदी में लिखना शुरू किया। उनकी प्रमुख रचनाओं में छाया, आकाशदीप, कंकाल, तितली, चंद्रगुप्त, स्कन्दगुप्त, कानन कुसुम, महाराणा का महत्व, झरना, आंसू, प्रेम पथिक, लहर आदि है। उनकी मृत्यु मात्र 48 वर्ष की आयु में हो गई। इस अवसर पर सुरेश कंठ और सुनील दास ने अपनी अपनी कविताओं का पाठ किया, जबकि प्रफुल्ल कुमार दास ने जय शंकर प्रसाद की एक मार्मिक कविता पढ़कर सुनाया। इस मौके पर संस्था के द्वारा बालिका सृष्टि सौम्या को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिव नारायण चौधरी, सुमित कुमार, भूपेंद्र नारायण मल्लिक, पलकधारी मंडल, देवेंद्र कुमार दास, वामदेव पासवान आदि भी उपस्थित थे।

चोरी के आरोपित सहित दो को पुलिस ने किया गिरफ्तार यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार