अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दिखेगा काव्या का जलवा

अरवल : जिले के कलेर प्रखंड के बेलांव गांव की मशहूर कथक नृत्यांगना काव्या मिश्रा का चयन अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के लिए किया गया है। जानकारी देते हुए जिला साहित्य अकादमी के सचिव नंदमोहन मिश्रा ने बताया कि औरंगाबाद जिले में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में देश के कई दिग्गज अभिनेता, अभिनेत्री का समागम होने वाला है। इसके लिए जिले की एकमात्र उभरती कत्थक नृत्यांगना काव्या का चयन हुआ है। उसके चयन से जिले में हर्ष व्याप्त है। बता दें कि कथक नृत्यांगना सोनल मानसिंह को अपना आदर्श मानकर कथक नृत्य के जलवा कई बड़े मंच पर वह बिखेर चुकी है। काव्या को वरिष्ठ नागरिक सम्मान के साथ कई और पुरस्कार मिला है। मशहूर सोनपुर मेले में वैशाली की तत्कालीन जिलाधिकारी रचना पाटिल ने 15 अगस्त 2017 को उसे सम्मानित किया था। इसके प्रसिद्ध तांडव शिव तांडव स्त्रोत पर कत्थक नृत्य प्रस्तुत करने पर हाजीपुर में वरिष्ठ नागरिक सम्मान तथा राज्य सरकार के पर्यटन एवं कला संस्कृति विभाग के द्वारा भिखारी ठाकुर सम्मान से नवाजा गया है। इतना ही नहीं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के पर आयोजित समारोह में भी जिला प्रशासन द्वारा उसे पुरस्कृत किया गया है। प्रदेश में काव्या अपना परचम लहरा रही है। अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में चयनित होने के बाद काव्या मिश्रा ने कहा कि भारतीय मूल संस्कृति पर आधारित कत्थक नृत्य पूरे विश्व में समाहित है। दाउदनगर में आयोजित होने वाले फिल्म फेस्टिवल में देश के कई जाने-माने कलाकारों का आगमन होने वाला है। धर्मवीर फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले सात से नौ फरवरी तक चलने वाले फिल्म फेस्टिवल में काव्या को तीनों दिन प्रस्तुति के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार