मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में भिड़े दो गुट

सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के क्रम में प्रशासन की सख्ती के बावजूद विवाद उत्पन्न हो जा रहा है। थाना क्षेत्र के मठिया पंचायत के किलपुर गांव में पुलिस के समक्ष ही मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुट के लोग आपस में सोमवार को भिड़ गये। इससे अफरातफरी मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर अपनी देख-रेख में मूर्ति का विसर्जन कराया। तब जाकर स्थिति समान्य हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार किलपुर गांव में मूर्ति विसर्जन करने पूजा समिति के लोग नदी तट पर जा रहे थे। इस दौरान तेज आवाज में भोजपुरी गाना बजाया जा रहा था। तेज आवाज में कानफोड़ू गीत-संगीत सुनकर दूसरे गुट के मूर्ति विसर्जन में शामिल लोगों ने गाना बजाने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि तेज आवाज में गाना नहीं बजाया जाये। इसी बात को लेकर दोनों गुटों में कहा-सुनी होते-होते बात काफी बढ़ गई। देखते ही देखते दोनों गुटों के लोग आपस में भिड़ गये। वहां मौजूद पुलिस स्थिति को नियंत्रित की। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों गुटों की मूर्ति का विसर्जन कराया गया।
#img#

अन्य समाचार