रेडलाइट एरिया में बंधक बने दो बच्चों को पुलिस ने कराया मुक्त

संवाद सहयोगी, किशनगंज : एसपी कुमार आशीष के निर्देश पर गठित टीम ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर में छापेमारी कर बंधक बनाकर रखे दो मासूम बच्चों को मुक्त कराया। बुधवार सुबह को मुख्यालय डीएसपी अजय कुमार झा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। हालांकि पुलिस की भनक मिलते ही चकलाघर संचालक मो. इसहाक दोनों बच्चों को कमरे में बंदकर मुख्य द्वार पर ताला जड़ कर फरार हो गया। लेकिन पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर तीन वर्ष उम्र के लड़के और दो वर्ष की लड़की को बरामद कर उसे मां के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार ईस्ट कैलासी हिल्स, शिलांग मेघालय निवासी मध्यमवर्गीय परिवार के युवती की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। जिससे उसे दो संतान भी है। परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए वह नौकरी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात गुवाहाटी निवासी युवक से हुई। युवक ने उसे मोटी तनख्वाह की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। युवक के झांसे में आकर युवती अपने दोनों बच्चों के साथ गुवाहाटी पहुंच गई। जहां से युवक उसे बहला फुसलाकर बहादुरगंज लाया और प्रेमनगर निवासी मो. इसहाक के हाथों उसे दो लाख रुपये में बेचकर फरार हो गया। जिसके बाद से मो. इसहाक उसपर देहव्यापार करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता द्वारा इंकार करने पर उसे तरह तरह से प्रताड़ित की जाने लगी। उसके दोनों बच्चों को भी छीन लिया गया। इसहाक की प्रताड़ना और बच्चों की सलामती के लिए आखिरकार पीड़िता ने हार मान ली। इसहाक उससे जबरन देहव्यापार का धंधा कराने लगा। इस बीच गत नौ फरवरी को वह मौका देखकर फरार हो गई। लेकिन अपने दोनों संतानों को वह साथ ना ले जा सकी। वह जैसे तैसे शिलांग पहुंचने में सफल रही और गत 10 फरवरी को शिलांग सदर थाना जा पहुंची। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर मानव तस्करी और अपहरण मामले के तहत कांड संख्या 46/20 दर्ज कर ली गई। मामले की जांच कर रही शिलांग पुलिस बुधवार सुबह पीड़िता के साथ किशनगंज पहुंची और एसपी कुमार आशीष से मदद की मांग की। एसपी के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी अजय कुमार झा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में शामिल महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी, एसआइ राम दहिन मोची आदि ने बहादुरगंज पुलिस की सहायता से प्रेमनगर रेडलाइट एरिया स्थित इसहाक के घर छापेमारी की और दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। तीन दिनों के बाद अपनी दोनों संतानों को सकुशल देख पीड़िता के आंखों में खुशी से आंशु बहने लगे। उसने दोनों बच्चों को अपनी आंचल में समेट लिया। जबकि बच्चे भी मां से लिपट कर जोर जोर से रोने लगे। इस कारूणिक ²ष्य को देख पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का भी कठोर हृदय पसीज गया। एसपी ने बताया कि फरार आरोपित इसहाक की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। हर संभव ठिकानों पर उसकी तलाश की जा रही है। वहीं रेडलाइट एरिया से लगातार युवतियों की बरामदगी के संबंध में पूछे जाने पर एसपी ने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों को छापेमारी का निर्देश दिया गया है।
राशन कार्ड से आधार सीडिग कार्य जल्द पूर्ण करें : डीएम यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार