हाईवे पर चिन्हित हुए डेंजर प्वाइंट, चलेगा जागरुकता अभियान

गोपालगंज : जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए अब प्रशासन ने सतर्कता के लिए हाईवे के चिन्हित इलाकों में जागरुकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान परिवहन विभाग तथा पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से चलाया जाएगा। इस बीच लोगों को यात्रा करते समय सुरक्षित यातायात के बारे में जानकारी दी जाएगी।

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि जिले में डुमरिया घाट से लेकर बथना तक करीब 46 किलोमीटर राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 गुजरती है। प्रशासन ने हाईवे पर वैसे स्थानों पर चिन्हित करने का अभियान चलाया है, जहां आए दिन छोटी बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सूत्र बताते हैं कि हाईवे पर पूरे जिले में करीब एक दर्जन स्थानों को डेंजर प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया गया है। जहां लोगों को दुर्घटना से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। इस बीच हाईवे के आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को हाईवे पार करने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानी के बारे में बताया जाएगा। साथ ही हाईवे से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन करने के बारे में जानकारी दी जाएगी। ताकि जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर काबू पाया जा सके।

इनसेट
लगाए जाएंगे चिन्हित इलाकों में साइनेज
गोपालगंज : सूत्र बताते हैं कि हाईवे के वैसे इलाके जो दुर्घटना बहूल्य क्षेत्र हैं, वहां साइनेज लगाया जाएगा। हाईवे के दोनों लेन में जगह-जगह इसे स्थापित किया जाएगा। ताकि वाहन चालकों को इस स्थान के बारे में जानकारी हो सके और सावधानी से वाहन का परिचालन कर सकें।
इनसेट
अन्य प्रमुख पथ पर भी चिन्हित होंगे डेंजर प्वाइंट
गोपालगंज : सूत्रों की मानें तो इस अभियान के दूसरे चरण में जिले के अन्य प्रमुख पथों पर भी ऐसे डेंजर स्थानों को चिन्हित किए जाने व साइनेज लगाने के साथ ही जागरुकता का अभियान चलाया जाएगा। ताकि जिले में हो रही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार