बच्चों के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों को पीटा

गोपालगंज : थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव में बच्चों के विवाद को लेकर दो परिवार के लोग गुरुवार की सुबह आपस में उलझ गए। इस बीच एक ही परिवार के तीन लोगों को लोहे के रॉड से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल लोगों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए मांझा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव निवासी सविद्र महतो के घर के बच्चे व पड़ोस के बच्चों के बीच गुरुवार को किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान बीच बचाव कर कुछ लोगों ने बच्चों को हटा दिया। जिसके बाद पड़ोस के लोगों ने लोहे के रॉड व लाठी-डंडा लेकर सविद्र महतो के दरवाजे पर पहुंच गए तथा उन्हें गाली-गलौज करने लगे। गाली-गलौज का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने सविद्र महतो पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंचे उनके परिवार के बिटू महतो व उनकी मां गणेशा देवी को भी घायल कर हमलावर फरार हो गए। बाद में आसपास के लोगों ने घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल लोगों का बयान दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार