दो दिनों की भारी वर्षा से दलहनी फसलों को नुकसान

बक्सर। यहां दो दिनों से लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण दियारा क्षेत्र में दलहनी फसलों का भारी नुकसान हुआ है। बेमौसम हुई बारिश से गेहूं की फसलें भी कुछ प्रभावित हुई है। इस साल खरीफ की फसल  बाढ़ से बर्बाद हो गई और दलहनी फसलों पर भी प्रकृति ने कहर बरपाया। बताया जाता है कि मंगलवार और बुधवार को पूरे इलाके में लगभग 2 घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से रबी फसलों में लगे फूल झड़ गए।

इस साल दियारा में चना, मंसूर, अरहर, तिलहन, खेसारी आदि फसलें लहलहा रही थीं। जिससे किसान भी काफी खुश थे। लेकिन, बारिश के चलते रबी की फसल में लगे फूल झड़ गए और फसलें भी गिर गई। फागुन महीने में बेमौसम बारिश से गेहूं की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। गेहूं में बाली निकल जाने के बाद होने वाली बारिश से फसल को नुकसान होता है। इसके अलावा दियारे क्षेत्र में सब्जी की खेती भी प्रभावित हुई है। सबसे अधिक बुरा असर परवल की खेती पर पड़ा है। जब परवल की फसलें पूरी तरह तैयार हो गई। इसके बाद भारी वर्षा से परवल के फसलों को बचाना मुश्किल हो गया है। किसानों का कहना है कि इस वर्षा से परवल के पौधे पीले हो जाएंगे और उसने फल नहीं लग पाएंगे। खरीफ की फसलें तो इस साल बाढ़ से मारी गई और रबी फसल पर भी प्रकृति के प्रकोप से किसानों की कमर ही टूट गई। दियारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर परवल की फसलों का नुकसान हुआ है। जिससे किसानों की चिता बढ़ गई है। बहुत सारे किसान कर्ज लेकर परवल की खेती करते हैं। लेकिन, फसल की बर्बादी से  कर्ज में डूब गए। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि फागुन महीने की वर्षा से दलहनी और गेहूं के फसलों को काफी नुकसान हुआ है। दलहनी फसलों के फूल बारिश के पानी से झड़ गए और बहुत से पौधे भी गिर गए।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार