हिसुआ में स्थिति सामान्य, तीन और प्राथमिकी दर्ज

संसू, हिसुआ : सोमवार की शाम शरारती तत्वों द्वारा हिसुआ बाजार में मचाए गए उत्पात के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। मंगलवार को बाजार में दुकानें पूर्ववत खुली। किसी प्रकार का तनाव नहीं देखा गया। आम लोगों का बाजार आना-जाना व खरीदारी करना अन्य दिनों की भांति हुआ। बाजार में दिनभर चहल पहल बनी रही।

इधर, घटना के बावत तीन और प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नगर के तेली टोला निवासी सहदेव प्रसाद के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने बगोदर निवासी कारू डॉन सहित बगोदर गांव के दस अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं राजगीर रोड में खैनी एवं पत्तल की दुकान चलाने वाले तेली टोला निवासी विंदेश्वर सिंह के पुत्र अशोक कुमार ने बगोदर एवं प्रोफेसर कॉलोनी के 7-8 अज्ञात लड़कों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। मारपीट में उनका हाथ फ्रक्चर हो गया था। इसी प्रकार नरहट रोड में फल का दुकान चलाने वाले आनंदी प्रसाद के पुत्र सतीश ने बगोदर गांव के 20-25 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस कांड में कुछ और प्राथमिकी दर्ज होने की संभावना है। इसके पूर्व एक ठीकेदार चीतो सिंह व उनके पुत्र पर हुए हमले व रुपये की लूट की प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

इधर, घटना के मुख्य आरोपित बन रहे बगोदर गांव के कारू डॉन के लोगों का कहना है पूरे विवाद की जद लड़की के साथ छेड़खानी का है। असमाजिक तत्वों द्वारा किसी लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया गया था। तब ब्रह्मस्थान की तरफ से आ रहे बगोदर गांव के कुछ लड़कों ने लड़की को बचाने का प्रयास किया था। अपने मिशन में सफल नहीं होने पर मोहित, मनीष व अन्य लड़कों ने बगोदर गांव के उन लड़कों को पीट दिया था, जिसने लड़की को बचाने का प्रयास किया था। घटना की खबर सुन कारू आपसी समझौता कराने का प्रयास किया था। लेकिन उक्त लड़कों ने उसकी भी पिटाई कर दिया था। जिसकी प्रतिक्रिया में कारू के समर्थकों ने बवाल काटा। बहरहाल, पुलिस की सक्रियता से स्थिति पर काबू पा लिया गया है। सोमवार की घटना के बाद बाजार बंद हो गया था, लेकिन मंगलवार को बाजार अन्य दिन के भांति खुला रहा। सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच तनाव बना है। पुलिस चौकसी बरत रही है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार