होलिका दहन कल, शुभ मुहूर्त शाम 6:26 से रात 8:52 बजे तक

संवाद सहयोगी, नवादा : होली बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है। होली में जितना महत्व रंगों का है उतना ही महत्व होलिका दहन का भी है। क्योंकि ये वही दिन होता है जब आप अपनी कोई भी कामना पूरी कर सकते हैं। किसी भी बुराई को अग्नि में जलाकर खाक कर सकते हैं। होलिका दहन को हम होली के नाम से भी जानते हैं। जिस दिन होलिका जलाई जाती है, उसे हम छोटी होली भी कहते हैं। होलिका दहन से जुड़ी और कई सारी कहानियां हैं।

---------------------
होलिका दहन की कथा
- हम सभी होली की पूर्व संध्या, यानी फाल्गुन शुक्ल पक्ष पूर्णिमा को होलिका दहन मनाते हैं। इसके साथ एक कथा जुड़ी हुई है। कहते हैं कि वर्षो पूर्व पृथ्वी पर एक अत्याचारी राजा हिरण्यकश्यप राज करता था। उसने अपनी प्रजा को यह आदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति ईश्वर की वंदना न करें, बल्कि उसे ही अपना आराध्य मानें, लेकिन उसका पुत्र प्रह्लाद भगवान विष्णु का परम भक्त था। उसने अपने पिता की आज्ञा की अवहेलना कर अपनी ईश-भक्ति जारी रखी। इसलिए हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र को दंड देने की ठान ली। उसने अपनी बहन होलिका की गोद में प्रह्लाद को बिठा दिया और उन दोनों को अग्नि के हवाले कर दिया। दरअसल, होलिका को ईश्वर से यह वरदान मिला था कि उसे अग्नि कभी नहीं जला पाएगी, लेकिन दुराचारी का साथ देने के कारण होलिका भस्म हो गई और सदाचारी प्रह्लाद बच निकले। उसी समय से हम समाज की बुराइयों को जलाने के लिए होलिका दहन मनाते आ रहे हैं।

-------------------------
सार्वजनिक होलिका दहन
- आमतौर पर लोग गांव के बाहर सार्वजनिक रूप से होलिका दहन किया जाता है। हिदू पंचांग के अनुसार, हर साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा की रात ही होलिका दहन किया जाता है। यानी की रंग वाली होली से एक दिन पहले होलिका दहन किया जाता है। इस बार होलिका दहन 9 मार्च को किया जाएगा, जबकि रंगों वाली होली 10 मार्च को है। होलिका दहन के बाद से ही मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाते हैं। कहते हैं कि होलिका दहन के साथ ही सारी नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है। इसे लेकर जिलेभर में तैयारी पूरी कर ली गई है।
----------------------
होलिका दहन का शुभ मुहूर्त
- होलिका दहन की तिथि : 9 मार्च
- पूर्णिमा तिथि प्रारंभ- 9 मार्च सुबह 3 बजकर 3 मिनट से
- पूर्णिमा तिथि समाप्ति - 9 मार्च रात 11 बजकर 17 मिनट तक
- होलिका दहन मुहूर्त - शाम 6 बजकर 26 मिनट से रात 8 बजकर 52 मिनट।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार