दहेज में सोने की चेन के लिए महिला की गला दबाकर हत्या

गोपालगंज : दहेज में सोने की चेन नहीं मिलने से नाराज ससुराल वालों ने थाना क्षेत्र के जोरावरपुर गांव में एक विवाहिता की गला दबा कर हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया। घटना को लेकर मृत महिला की मां के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के बनकटा थाना क्षेत्र के कुरमौली गांव निवासी युगल किशोर यति की पुत्री रानी कुमारी की शादी 16 जून 2014 को भोरे थाना के जोड़ावरपुर गांव निवासी स्व. सर्वजीत गिरी के पुत्र मुन्ना गिरी के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर कुछ समय तक रानी देवी को उसके ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। बाद में दहेज में सोने की चेन के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत भी हुई। लेकिन प्रताड़ना का दौर चलता ही रहा। इसी बीच होली के दिन मंगलवार को जब रानी की मां उर्मिला देवी ने बेटी को फोन किया, तो उसके रोने की आवाज आयी। कुशल क्षेम पूछने के लिए वह अपने दो भतीजों मुकेश कुमार और सुजीत कुमार के साथ जोड़ावरपुर पहुंची। जहां उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव वहां पड़ा था तथा उसकी गला दबा कर हत्या कर दी गई थी। जब रानी की मां ने इस संबंध में उसके ससुराल के लोगों ने पूछताछ करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई तथा जबरन रानी देवी के शव को जला दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को भोरे रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर उर्मिला देवी के बयान पर मुन्ना गिरी, इंद्रजीत गिरी, तारकेश्वर गिरी तथा संध्या देवी के विरुद्ध थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
रामपुर में तेंदुआ ने किया हमला, आधा दर्जन ग्रामीण घायल यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार