भव्य कलश यात्रा के साथ विष्णु महायज्ञ प्रारंभ

गोपालगंज : प्रखंड के नेचुआ जलालपुर बाजार स्थित रामजानकी मंदिर के प्रांगण में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ 21 मार्च तक चलने वाला विष्णु महायज्ञ प्रारंभ हो गया। इस बीच पांच हजार से अधिक महिलाओं ने माथे पर कलश लेकर कलश यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा में शामिल बैंड बाजा ,हाथी घोड़ों और भव्य झांकियों ने सबको आकर्षित किया। करीब चार किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक भट्ठा सरोवर पर जल भरने का कार्य वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया।

इसके पूर्व कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर जलालपुर बाजार होते हुए भट्ठा सरोवर पहुंचा। जहां विद्वान पंडितों ने कलश में जल भरने का कार्यक्रम संपन्न कराया। इस दौरान जय श्री राम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। तेज धूप को देखते हुए रास्ते में जगह-जगह आयोजकों द्वारा पेयजल, शरबत आदि की व्यवस्था की गई थी। जल भरने के कार्यक्रम के बाद पुन: यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंची। जहां विद्वान पंडितों द्वारा पूजन का कार्यक्रम संपादित कराया। कलश यात्रा की शांतिपूर्ण और सुरक्षा के बीच संपन्न कराने के लिए कुचायकोट पुलिस द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी। कुचायकोट थाना अध्यक्ष अब्दुल मजीद एक दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल के साथ कलश यात्रा के दौरान पूरी यात्रा में मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े संजय कुमार ने बताया 21 मार्च तक चलने वाले इस विष्णु महायज्ञ में प्रतिदिन भक्ति की धारा बहेगी। महायज्ञ के दौरान यज्ञाचार्य जयप्रकाश तिवारी, पंडित जितेंद्र द्विवेदी, वैदिक रमेश मणि मिश्रा, पंडित अजय तिवारी, नरेंद्र पाठक तथा योगेंद्र त्रिपाठी ने पूजा पाठ की जिम्मेदारी निभाई। कलश यात्रा के दौरान प्रमुख रुप से मंदिर के पुजारी ब्रजदास महाराज, मानस मधुकर शिवानंद तिवारी, संजय कुमार, संदीप बरनवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार