भूमि विवाद में घर से बदमाशों ने अगवा कर मारी गोली, जख्मी

बेगूसराय। बुधवार की रात बखरी थाना क्षेत्र के बगरस में भूमि विवाद को लेकर बदमाशों ने बगरस वार्ड तीन निवासी स्व. वसंत सहनी के 32 वर्षीय पुत्र सज्जन सहनी को अगवा कर जमकर मारपीट की और गोली मार कर घायल कर दिया। गंभीर हालत में स्वजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। समाचार प्रेषण तक नगर थाना पुलिस घायल का फर्द बयान नहीं कर सकी है। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जाता है।

इस संबंध में घायल वसंत सहनी ने बताया कि उन्होंने अपनी चाची की जमीन खरीदने के लिए पूर्व में 50 हजार रुपये दिया था। पैसा देने के बाद जमीन लिखाने की बात तय हुई थी, जिसके बाद उन्होंने उक्त जमीन पर अपना घर भी बना लिया। इधर बगरस वार्ड दो निवासी छटांकी सहनी ने उनकी चाची को अधिक पैसे देने का प्रलोभन देकर उक्त जमीन अपने नाम करा लिया। दोनों के बीच इसी बात का विवाद है। बुधवार की रात अज्ञात सात-आठ की संख्या में बदमाशों ने उन्हें उनके घर से बाइक पर अगवा कर लिया और छटांकी सहनी के घर ले गए। वहां सबों ने मिलकर उनके साथ जमकर मारपीट की और मारपीट के बाद जान मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली उनके हाथ में लगी। जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन बुरी तरह मारपीट किए जाने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीबारी के बाद ग्रामीणों व स्वजनों के जुटने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। स्वजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में अबतक ना तो उनका फर्द बयान दर्ज किया गया है और ना ही बखरी पुलिस ने ही उनकी सुधि ली है। वहीं घायल के स्वजनों ने चाची की शह पर जान मारने की नीयत से अगवा करने और गोली मरवाने को आरोप लगाया है।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार