यज्ञ स्थल पर भीड़ बढ़ते देख पुलिस ने खेल-तमाशे पर लगाई रोक

बक्सर : कोरोना वायरस के डर से भदवर गांव में आयोजित हनुमत यज्ञ के अवसर पर खेल तमाशा के प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा रोक लगा दी गई है। बताया जाता है कि प्रखंड के भदवर गांव में 15 मार्च से ही अलगू बाबा के नेतृत्व में हनुमत यज्ञ शुरू हुआ था। यज्ञ स्थल पर झूला और खेल तमाशा के कारण बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने लगी।

इस भीड़ के कारण कोरोना वायरस फैलने की संभावना से पहले ही प्रशासन के अधिकारी सतर्क हो गए। इसके बाद बगेन थाने की पुलिस ने खेल तमाशा के संचालन पर रोक लगा दी। यज्ञ के आयोजक अलगू बाबा का कहना है कि पुलिस द्वारा हनुमत यज्ञ को भी रोक दिया गया है। यज्ञ में आए सभी साधु-संत चले गए। दुकानदार भी अपनी दुकानों को समेट कर चले गए। पूछे जाने पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि केवल खेल तमाशा के प्रदर्शन से वहां काफी लोगों की भीड़ हो रही थी। इसलिए केवल खेल-तमाशे के प्रदर्शन पर ही रोक लगाई गई है। ग्रामीणों द्वारा यज्ञ रोके जाने के आरोपों से उन्होंने सीधे इनकार किया। बताया जाता है कि अलगु बाबा गांव के हनुमान मंदिर पर रहते हैं और प्रत्येक साल हनुमत यज्ञ का आयोजन करते हैं। पुलिसिया कार्रवाई के बाद स्थल वीरान हो गया है। दूसरी ओर, पुलिस के प्रयास से कैथी गांव में 25 मार्च से शुरू होनेवाले लक्ष्मी नारायण यज्ञ के आयोजन को भी तत्काल रोक दिया गया। यज्ञ के अवसर पर होनेवाली भीड़ के कारण कोरोना वायरस की आशंका पर थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों से बातचीत कर यज्ञ की तिथि आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके बाद ग्रामीणों ने 25 मार्च से शुरू होने वाले यज्ञ को रोक दिया। स्थिति सामान्य होने के बाद यज्ञ की तिथि तय की जाएगी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है।
चार वर्षों से प्रभार के भरोसे हैं राजपुर का शिक्षा विभाग यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार