COVID-19 : कोरोना संक्रमण से बचने के लिए घर का बना खाना ही खाएं, फलों का भरपूर सेवन करें

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सावधानी और सतर्कता जरूरी है। खासकर खानपान को लेकर जागरूकता आवश्यक है। पौष्टिक तत्वों की कमी से रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है। ऐसे में वायरस का संक्रमण हो सकता है। एमडीडीएम कॉलेज की सीएनडी डिपार्टमेंट की विभागाध्यक्ष डॉ.सुशीला सिंह बताती हैं कि हमें बाजार से लाए गए फल व सब्जियों को सावधानीपूर्वक धोने के बाद ही खाना चाहिए। खासकर अंगूर जैसे फलों में फंगस लगे होते हैं। इससे बीमारी फैल सकती है। खराब मूंगफली का सेवन भी हानिकारक हो सकता है। बच्चों, बुजुर्ग व मरीजों को समय पर और पौष्टिक खाना खिलाएं। ताकि, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सके।

गर्म और ताजा भोजन फायदेमंद
गर्म और ताजा भोजन हमेशा फायदेमंद होता है। वहीं गर्म पानी पीने से भी इंफेक्शन का खतरा कम होता है। आदी और तुलसी वाली चाय भी स्वास्थ्य की दृष्टि से काफी फायदेमंद है। खासकर बच्चों को घर में बनी सामग्री ही खिलाएं। खाना बनाते समय भी साफ-सफाई का ख्याल रखना जरूरी है। साथ ही सर्दी-जुकाम वाले लोगों से दूरी बनाकर रखना कोरोना वायरस से बचने में अहम और कारगर साबित होगा।
भोजन में इन चीजों को भी करें शामिल
संतरा, नींबू, गुड़ से बनी सामग्री, अंगूर और अन्य खट्टे फल, ताजा दही, तीसी और तिल से बनी सामग्री, अंकुरित दालें, पपीता, टमाटर।
अभी इनसे करें परहेज
आइसक्रीम, बाहर के फूड प्रोडक्टस, हरा आलू, सात घंटे या इससे अधिक समय तक फ्रिज में रखा दही, एलर्जी वाली सब्जियां, केला, कोल्ड ड्रिंक्स, फास्ट फूड और बाजार में बनी सामग्री।

अन्य समाचार