Lockdown : तीसरे दिन उत्तर बिहार की सड़कें रहीं वीरान, तीन हिरासत में

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना से बचाव के लिए राज्य सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन के तीसरे दिन बुधवार को उत्तर बिहार में बीते दो दिनों की अपेक्षा ज्यादा असर दिखा। आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखी। सीतामढ़ी में एक लाख अधिक के जुर्माने वसूले गए। कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई। अन्य जिलों में कई लोगों की उठक बैठक कराई गई। बगहा में खाद्य सामग्र्री की कालाबाजारी की सूचना पर दुकानों में छापेमारी की गई। मोतिहारी में सौ वाहन जब्त किए गए। तीन लोग हिरासत में लिए गए। रक्सौल के पास भारत -नेपाल सीमा सील रही।

पश्चिम चंपारण : बगहा में मुख्य सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में छापेमारी कर व्यवसायियों को उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री बिक्री की हिदायत दी गई। बेतिया में सड़कों पर घूम रहे दर्जनभर युवकों को उठक बैठक कराई गई। इसके बाद घर जाने को कहा।
पूर्वी चंपारण : मोतिहारी शहर की सभी दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर आवाजाही कम रही। लॉकडाउन का उल्लंघन करते तीन लोग हिरासत में लिए गए। सौ वाहनों को जब्त किया गया। रक्सौल के पास भारत -नेपाल सीमा सील रही। इस दौरान भारत की ओर आ रहे एक युवक को 90 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
मधुबनी : शहर में दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर कम वाहन चले। कई स्थानों पर हाटों के खुलने से लोग खरीदारी को पहुंचे। लेकिन, प्रशासन ने बंद करा दिया।
समस्तीपुर : शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानें बंद रहीं। आवश्यक सामग्री की दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर बिना वजह आवाजाही करने वालों को फटकार लगाने के बाद घर लौटाया गया। कई स्थानों पर उठक-बैठक कराकर छोड़ा गया। बैंकों में भीड़ नहीं दिखी। एटीएम पर भी लोग नहीं दिखे। रोसड़ा में श्राद्धभोज में शामिल दो सौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीतामढ़ी : बीते दो दिनों की अपेक्षा ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। सड़कों को सील कर दिया गया है। खुली दुकानों को बंद कराया गया। सड़कों पर घूम रहे लोगों को पुलिस ने घरों में लौटा दिया। आदेश के उल्लंघन मे एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। कुछ लोगों पर प्रथमिकी भी दर्ज हुई।
शिवहर : सड़कों पर वाहन नहीं चले। गिनती के लोग दिखे। किराना दुकानों में रेट लिस्ट चस्पाई गई।
दरभंगा : सड़कों पर कम वाहन दिखे। आवश्यक सेवाओं से जुड़ी गाडिय़ां दौड़ती रहीं। सड़कों पर निकले युवकों को पुलिस ने चेतावनी दी और घर लौटा दिया। कई स्थानों पर बैरियर लगा दिए गए। बाहरी नंबर की गाडिय़ों पर सवार लोगों से पूछताछ कर कड़ी चेतावनी दी गई।
मुजफ्फरपुर : ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। सड़कों को सील कर दिया गया। खुली दुकानें बंद कराई गईं। सड़कों पर बेवजह घूम रहे लोगों को पुलिस ने घर भेजा।

अन्य समाचार