Corona virus : पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में विदेश से आए 284 लोग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग गंभीर, लोगों में दहशत

भागलपुर [संजय सिंह]। पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में लगभग 284 लोग विदेश से आ चुके हैं। इनपर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की पैनी नजर है। इनमें कुछ वैसे भी लोग शामिल हैं, जो कोरोना के प्रकोप के पहले भारत आए थे, लेकिन अब लॉकडाउन होने के कारण वापस नहीं लौट पाए। दुबई, मलेशिया, जापान, कतर, इंडोनेशिया और चीन से अधिकांश लोग आए हैं।

विदेश से सबसे अधिक लोग जमुई में आए हैं। यहां 138 लोग आए हैं। सुपौल व पूर्णिया में विदेश से आने वाले लोगों की संख्या नगण्य है। मुंगेर में कतर से आए एक व्यक्ति की कोरोना के कारण पटना के एम्स में मौत हो गई। इनके दो परिजन भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। हालात यह हैं कि उक्त युवक के सात परिजन कुछ दिन पहले सदर अस्पताल से भाग चुके हैं। अहम बात यह है कि ग्रामीण विदेश से आए लोगों से परहेज कर रहे हैं। ग्रामीणों को लगता है कि कोरोना बीमारी विदेश से आई है, इस कारण विदेश से आए लोगों से परहेज करना चाहिए। हालांकि जो लोग हाल-फिलहाल में लौटे हैं, वे खुद को अपने घर में ही क्वारंटाइन किए हुए हैं।
मुंगेर डीआइजी मनु महाराज ने बताया कि पुलिस और दंडाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है। यह टीम बाहर से आए लोगों की जांच करवाएगी। जो लोग जांच करवाना नहीं चाहेंगे या मामले को छिपाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विदेश से आए लोगों की सूची
जमुई : 138
लखीसराय : 05
मुंगेर : 36
सुपौल : 00
सहरसा : 05
मधेपुरा : 05
अररिया : 16
खगडिय़ा : 01
किशनगंज : 32
कटिहार : 10
पूर्णिया : 00
भागलपुर : 22
बांका : 14
कुल : 284

अन्य समाचार