पुलिस वाहन पर हमला करने वालों को चिह्नित कर रही पुलिस

कैमूर। स्थानीय प्रखंड के सबार थाना क्षेत्र अंतर्गत कुडारी गांव में कोरोना वायरस से बचाव को लेकर किए गए लॉकडाउन का पालन कराने गुरुवार की रात निकली पुलिस टीम के वाहन पर गांव के ही असामाजिक तत्वों द्वारा हमला कर दिया गया। इसमें पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि इस हमले में पुलिस जवान व कर्मी बाल बाल बच कर भाग निकले। इस मामले में गुरुवार की रात ही सूचना पर पहुंची एसडीपीओ भभुआ अजय प्रसाद ने पुलिस जवानों से पूरे घटना की जानकारी ली और हमला करने वाले असामाजिक तत्वों को तत्काल चिह्नित करने की बात कही।

बता दें कि गुरुवार की रात कुड़ारी गांव में कुछ लोगों के घूमने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस कुड़ारी गांव पहुंची। कुड़ारी गांव में गली में बात कर रहे लोगों को घर में जाने के लिए कहने पर सभी चले गए। तब पुलिस कुडारी से तेंदुआ गांव की ओर चली गई। तेंदुआ से लौटने के दौरान कुड़ारी गांव के कुछ असामाजिक लोग लाठी, डंडा, ईंट पत्थर लेकर खड़ा थे। जैसे ही पुलिस पहुंची ईंट,पत्थर, लाठी, डंडा से 30-40 की संख्या में खड़ा लोगों ने हमला कर दिया। स्थिति भांप पुलिस जवान गाड़ी से बाहर नहीं निकले। नहीं तो पुलिस जवान भी घायल हो जाते। इस हमले में पुलिस की प्राइवेट गाड़ी के पीछे का शीशा, आगे की लाइट का शीशा, लूकिग ग्लास टूट गया है। पुलिस जवानों ने थानाध्यक्ष को घटना बारे में जानकारी दी। उसी रात थानाध्यक्ष द्वारा एसपी व एसडीपीओ को हमला के बारे में सूचना दी गई। इसके बाद भभुआ एसडीपीओ करमचट थाना पहुंचे। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिवाकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। पुलिस द्वारा नामजद व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार