CoronaVirus; बिहार में अब 10 हुए कोरोना पॉजिटिव, NMCH में भर्ती महिला निकली पॉजिटिव

पटना, जेएनएन। बिहार में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10 हो गई है। पटना के एनएमसीएच में बर्ती महिला की टेस्ट रिपोर्ट आ गयी है जिसमें पता चला है कि वो कोरोना पॉजिटिव है।

जानकारी के मुताबिक पटना के आरएमआरआई में आज कुल 90 कोरोना के नमूनों की जांच हुई इनमें से एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है और बाद बाकी सभी नमूने निगेटिव पाए गए हैं। लगभग 25 वर्षीय महिला, जिसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गई है।यह महिला उसी शरणम अस्पताल की बताई जा रही है, जहां के मरीज की कोरोना जांच पॉजिटिव पाई गई थी और उस मरीज की मौत हो गई थी। हालांकि इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि किसी ने नहीं की है कि महिला उसी अस्पताल की है या नहीं।
बता दें कि इससे पहले पटना के राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीच्यूट (RMRI) में जांच के दौरान गुरुवार को दो कोरोना पॉजिटिव केस कंफर्म हुए थे जिसके बाद मरीजों की संख्या नौ पहुंच गई थी और आज एक और मरीज के पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब संख्या दस पहुंच गई है।
गुरुवार को जो मरीज पॉजिटिव पाए गए थे वो दोनों मरीज पटना के एनएमसीएच के आईडीएच में भर्ती हैं, जिनमें से एक मरीज सिवान का है जो दुबई की यात्रा कर लौटा है, वहीं दूसरा मरीज नालंदा का है जिसने कहीं कोई विदेश की यात्रा नहीं की थी। इससे पहले कोरोना पॉजिटिव एक युवक की मौत हो चुकी है, जो विदेश की यात्रा कर लौटा था और मुंगेर जिले का रहने वाला था।
मृतक कोरोना पॉजिटिव युवक के संपर्क में आए लोगों के नमूनों की जांच की गई थी जिसमें से एक महिला और एक बच्चा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वो दोनों मृतक के घर और आसपास के बताए जा रहे हैं जिनका इलाज भागलपुर में चल रहा है। वहीं युवक शरणम अस्पताल में भर्ती हुआ था जिसका एक कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव निकला है, जिसके बाद उस अस्पताल को सील कर दिया गया है।

अन्य समाचार