रुक नहीं रहा लोगों का पलायन, आज भी आनंद विहार पहुंचने का सिलसिला जारी।

29 Mar, 2020 02:01 PM | Saroj Kumar 271


देश में लॉकडाउन के बाद महाराष्ट्र, दिल्ली, यूपी,राजस्थान समेत कई राज्यों में पलायन सबसे बड़ी समस्या बन गया है। हजारों की भीड़ इन राज्यों की सीमा पार कर अपने घर जाने के लिए उतारू दिख रही है। इस दौरान सोशल डिस्टेंस नहीं होने से कोरोना का खतरा भी और बढ़ गया है। दिल्ली के सभी बार्डर पर शनिवार को अफरा-तफरी का माहौल दिखा। नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जुड़ने वाली सीमाओं पर लाखों की संख्या में पहुंचे लोगों को पहले पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद दिल्ली और यूपी ने बस चलाकर उनके घर पहुंचने का इंतजाम किया। भीड़ को देखते हुए दिल्ली ने 100 बसों की व्यवस्था की। गाजियाबाद से 250 बसें और नोएडा से देर शाम तक 125 बसें लोगों को लेकर रवाना हुई। कमोबेश यही स्थिति यूपी, राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी दिखी।



- आनंद विहार में लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। एनडीआरएफ की टीम सभी को मास्क व ग्लब्स दे रही है। उनके हाथों को सेनेटाइज कर रही है। लोगों को गाज़ियाबाद व हापुड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।



- बीमारी-बेरोजगारी का दंश बच्चों को न झेलना पड़े इस उम्मीद से दिल्ली के बिस्कुट सेल्समैन विनोद तिवारी शुक्रवार देर रात मोपेड से सिद्धार्थनगर जिले के वराहडा गांव के लिए निकल पड़े थे। साथ में पत्नी और दो बच्चे भी थे। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे हाथरस के सिकंदरामऊ में नगर पालिका के समीप विनोद की तबीयत बिगड़ गई। मोपेड रोकते ही वह जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।


- लॉकडाउन के चलते दिल्ली में रहने और खाने का इंतजाम खत्म हुआ तो रणवीर पैदल ही मुरैना के लिए निकल पड़ा था। शनिवार को आगरा पहुंचने पर उसका दम फूलने लगा। रणवीर के दो साथी उसे उसी हालत में छोड़कर चले गए। फिर रणवीर ने सड़क किनारे तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। उसका शव कैलाशमोड़ (सिकंदरा) के पास मिला। वह तुगलकाबाद में रेस्तरां में काम करता था।

अन्य समाचार