प्रयागराज से पैदल चले वैशाली के श्रमिक की रास्ते में हुई मौत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से वैशाली स्थित अपने घर के लिए चले एक मजदूर की बुधवार देररात राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर डेहरी नगर थाना क्षेत्र के पाली स्थित जवाहर सेतु के पास मौत हो गई। उसकी पहचान वैशाली जिले के भगवानपुर निवासी विलास महतो (45 वर्ष) के रूप में हुई है। विलास लॉकडाउन के दौरान प्रयागराज में फंस गया था। वह ट्रक व अन्य वाहनों के सहारे और कुछ दूर पैदल चलकर अपने गांव जाते समय यहां तक पहुंचा था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा गुरुवार को गांव भेज दिया है। सदर अस्पताल प्रशासन ने पोस्टमॉर्टम के बाद उसका बिसरा सुरक्षित रख लिया है। उसे जांच के लिए पटना स्थित फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री में भेजा जा रहा है, जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सके।

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 42 बाइक जब्त यह भी पढ़ें
बताया गया कि विलास प्रयागराज में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के अंतर्गत सिक्स लेन निर्माण में लगी एक कंपनी में मजदूर के रूप में कार्य करता था। लॉकडाउन के बाद सड़क निर्माण का कार्य बंद हो गया था। वहां से वह तीन दिन पूर्व घर के लिए निकला था। कहीं ट्रक से तो कहीं अन्य वाहन से और कभी पैदल चलकर बुधवार की रात डेहरी तक पहुंचा था। विलास एपेंडिक्स की बीमारी से भी ग्रसित था। रात में उसके पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। इसी बीच उसकी मौत हो गई। उसके साथ प्रयागराज से आ रहे बहनोई मिश्री महतो ने बताया कि आने के क्रम में उसे कई बार आंत में दर्द उठा था। रात में तेज दर्द के बाद उनकी मौत हो गई। एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले सदर अस्पताल, सासाराम में पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद एंबुलेंस से शव को उसके गांव भेज दिया गया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद जांच के लिए शव का बिसरा पटना भेजा जा रहा है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी। रिपोर्ट से यह भी पता चल सकेगा कि वह कोरोना पॉजिटिव था या नहीं।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार