भोरे से जुड़ी उत्तर प्रदेश की सीमा पर पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

गोपालगंज : भोरे तथा उचकागांव प्रखंड में कोरोना पॉजिटिव एक-एक मरीज मिलने के बाद पुलिस ने भोरे प्रखंड से जुड़ी उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दिया है। उत्तरप्रदेश को जोड़ने वाले भोरे-भिगारी पथ पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही भोरे प्रखंड के चार व उचकागांव प्रखंड की पांच पंचायतों के लोगों को गांव से बाहर निकलने पर रोक लगाते हुए इस आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है।

गुरुवार की रात खाड़ी देशों से लौटे भोरे तथा उचकागांव प्रखंड के एक-एक युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। रिपोर्ट मिलने के बाद रात में ही जिला प्रशासन ने सुरक्षा कवच के बीच दोनों युवक को एंबुलेंस से लाकर सदर अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने भोरे प्रखंड तथा उचकागांव प्रखंड के दोनों युवकों के संबंधित गांवों को सील कर दोनों गांवों के तीन किलोमीटर की परिधि को पूरी तरह से सील कर दिया। इस बीच जिलाधिकारी अरशद अजीज ने तत्काल प्रभाव से भोरे प्रखंड के सिसई, गोपालपुर, बगहवां मिश्र तथा खदहीं पंचायत के लोगों को गांव से बाहर निकलने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। साथ ही इन पंचायतों से जुड़ी उत्तरप्रदेश की सीमा पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी प्रकार उचकागांव प्रखंड के बलेसरा, झीरवां, सांखे खास, नवादा तथा त्रिलोकपुर पंचायतों में भी निगरानी को बढ़ा दिया गया है। इस बीच इन नौ पंचायतों में जाने वाले रास्तों को भी बांस-बल्ली लगाकर बंद कर दिया गया है। ताकि दूसरे इलाके के लोग भी इन पंचायतों में प्रवेश नहीं कर सकें। इन पंचायतों की ओर आने जाने वाले सभी मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ताकि इन गांवों के लोगों को बाहर आने व जाने से रोका जा सके।

इनसेट
सभी नौ पंचायतों को सैनिटाइज करने का अभियान प्रारंभ
गोपालगंज : शनिवार को भोरे व उचकागांव प्रखंड की नौ पंचायतों को पूर्ण रूप से सैनिटाइज करने का अभियान प्रारंभ कर दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद मलेरिया व कालाजार की दवा के छिड़काव के कार्य में लगे कर्मियों से इन पंचायतों में छिड़काव का कार्य किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर छिड़काव के कार्य में लगे कर्मियों को छिड़काव के दौरान दस्ताना तथा प्लास्टिक के एप्रन पहनने के साथ ही मास्क का इस्तेमाल करने को कहा गया है। यह छिड़काव नियंत्रण क्षेत्र में लिए गए सभी पंचायतों में लगातार किया जाएगा। उचकागांव व भोरे के बीडीओ को छिड़काव कार्य की मॉनीटरिग करने को कहा गया है। ताकि इस कार्य को समय से पूर्ण किया जा सके।
नहीं पहुंचे कंबाइन चालक, किसानों की चिंता बढ़ी यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार