गड़खा में दो बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ पिटाई के बाद किया पुलिस के हवाले

छपरा। गड़खा थाना क्षेत्र स्थित मैकी गांव के समीप ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पीछा कर पकड़ कर जमकर धुनाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान बदमाशों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा एवं से जिदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार दोनों बदमाश स्थानीय थाना क्षेत्र के मैकी गांव निवासी राजेश कुमार कुशवाहा एवं अमरजीत कुमार बताए जाते हैं। ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से जख्मी दोनों बदमाशों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र के बाद छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।


घटना के संबंध में बताया जाता है कि मैकी गांव निवासी मनीष कुमार सिंह फुर्सतपुर की तरफ जा रहा था, तभी दोनों बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करने लगे। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और दोनों बदमाशों को पकड़ लिया गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने दोनों से हथियार छीन कर उनकी जमकर धुनाई शुरू कर दी। ग्रामीणों द्वारा इस बात की सूचना स्थानीय थाना को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें छपरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि राजेश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उनके पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा एवं छह जिदा कारतूस बरामद किया गया है। वहीं सूचना के बाद डीएसपी अजय कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। इस मामले में स्थानीय निवासी मनीष कुमार सिंह के फर्द बयान पर दोनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में विवाद का कारण मछली मारना बताया गया है। बयान में बताया गया है कि रविवार की सुबह मनीष कुमार सिंह के तालाब पर दोनों युवक मछली मार रहे थे। जिसको लेकर उनके साथ मारपीट की गई थी। इसी विवाद को लेकर दोनों ने उन्हें संध्या पर रास्ते में हथियार के बल पर घेर लिया और मारपीट करने लगे। तभी मनीष के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और दोनों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार