जयपुर में सुबह आठ से रात आठ बजे तक निर्भया स्क्वॉड करेगी फ्लैग मार्च

जयपुर। राजस्थान में जयपुर के परकोटा और कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्र में पुलिस की निर्भया स्क्वॉड टीम सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कर्फ्यू एवं लॉक डाऊन की पालना के लिए फ्लैगमार्च करेगी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं निर्भया स्क्वॉड टीम की नोडल अधिकारी सुनीता मीना ने मंगलवार को बताया कि 40 मोटर साइकिलों पर 80 महिला पुलिसकर्मी जयपुर शहर के रामगंज, गलतागेट, माणकचौक, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, कोतवाली, नाहरगढ़, शास्त्री नगर, भट्टाबस्ती, ट्रांस्पोर्ट नगर, आदर्श नगर एवं जवाहर नगर तक फ्लैगमार्च करेंगी। उन्होंने बताया कि निर्भया स्क्वॉड टीम प्रतिदिन अलग अलग पारियों में 12 घंटे नारी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए फ्लैग मार्च करेंगी। यह फ्लैग मार्च आज सुबह से शुरू हुआ है और रात्री आठ बजे तक लगातार चलेगा।
उन्होंने बताया कि यह टीम सामाजिक सरोकारों के तहत वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछ रही हैं। गरीबों, मजदूरों एवं असहाय लोगों को भोजन के पैकेट भी उपलब्ध करवा रही हैं।
उधर पुलिस प्रशासन ने रामगंज और आसपास के इलाके में महाकर्फ्यू लगा दिया है। इसके तहत जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों की आवाजाही भी बंद कर दी गयी है। केवल चिकित्सा सेवा से जुड़े लोगों को ही क्षेत्र से आने जाने की छूट दी गयी है। मीडियाकर्मियों के लिये भी यहां प्रतिबंध लगा दिया गया है।

अन्य समाचार