पुलिस के निशाने पर रहे बेवजह घर से निकलने वाले

गोपालगंज : जिले में लॉकडाउन के दौरान सख्ती का असर दिखने लगा है। पिछले 17 दिनों से गलियां सूनी हैं। वहीं सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है। शहर से लेकर ग्रामीण हाट बाजार की दुकानों पर ताला लटक रहा। यहां तक कि चाय की दुकानें भी बंद हैं। लोग घरों में कैद हैं। चौक-चौराहों पर पुलिस का पहरा है। बेवजह घर से बाहर निकलने वाले लोग सुरक्षा कर्मियों के निशाने पर हैं। पुलिसकर्मी उन्हें खदेड़ने के साथ कानूनी कार्रवाई भी कर रही है। इस बीच पुलिस लोगों को उठक-बैठक कराने से लेकर कई दंड दे रही है।

कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने के लिए सरकार ने 21 दिनों तक देशव्यापी लॉकडाउन घोषित किया है। अमूमन लोग इसका पालन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की अपील पर जनता घरों में कैद है। हालांकि कुछ घुमक्कड़ यदा-कदा सड़कों पर दिखाई दे रहे। लेकिन उन्हें भी पुलिस का कोपभाजन होना पड़ रहा है। देश में कोरोना संक्रमित लोगों की बढ़ती तादाद ने सरकार के साथ ही आम लोगों को भी चिता में डाल दिया है। इसके चलते नगरों के साथ ही गांवों में भी लॉकडाउन का बखूबी पालन किया जा रहा है। कई गांवों को ग्रामीणों ने भी पूर्णतया लॉकडाउन कर दिया है। ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में प्रवेश न कर सके। इसके चलते चहल-पहल खत्म हो गई है। इस बीच पुलिस बेमतलब के घर से निकल रहे लोगों पर सख्ती दिखाना प्रारंभ किया है। शुक्रवार को बगैर हेलमेट व मास्क के बाइक लेकर जरुरी कार्य से भी निकलने वाले लोगों को रोककर पुलिस ने उनसे उठक-बैठक कराई।

इनसेट
लॉकडाउन से घरों में बीत रहा लोगों का समय
गोपालगंज : देशभर में खौफ मचा रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में कैद हो गए हैं। लोगों का अधिकांश समय घर के अंदर बीतने के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। ऐसे में जिला मुख्यालय के प्रत्येक वार्ड में सन्नाटा की स्थित बनी हुई है। कुछ गलियों में युवक बाहर निकल रहे हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती की वजह से उन्हें वापस घर लौटने को विवश होना पड़ रहा है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार