पुलिस की टीम पर हमला, दो जख्मी, तीन हमलावर गिरफ्तार

जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के भनैल गांव में रविवार की देर शाम पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ईंट-पत्थर से किए गए हमले में पुलिस वाहन का चालक समेत दो जवान जख्मी हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत थाने में सअनि मिथिलेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोमवार को गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार वर्मा ने बताया कि भनैल के रास्ते बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने रोककर रखा था। सूचना मिलते ही गश्ती पर रहे सअनि मिथिलेश कुमार को जवानों के साथ भेजा गया। अवैध बालू लदा होने के कारण ट्रैक्टर को रोका गया था। पुलिस जब भनैल गांव पहुंची तो देखा कि कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर को रोक रखे हैं, तथा चालक को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। तब ट्रैक्टर को जब्त कर पुलिस थाना लाने का प्रयास की। अत्यधिक लोड रहने के कारण चक्का मिट्टी में धंस गया। इसके बाद ग्रामीणों ने मदद कर ट्रैक्टर को निकाला। दोबारा जब पुलिस आगे बढ़ने लगी तब तक वाहन मालिक बाल्मीकि सिंह अपने समर्थकों रवीन्द्र सिंह, विजय सिंह अपने अन्य लोगों सुनील पासवान, अनिल पासवान, रिशु कुमार, विकास कुमार, मुकेश पासवान, सुनील पासवान, गौतम पासवान,कमलेश पासवान, बब्लू पासवान, धर्मवीर पासवान समेत 30-40 अज्ञात लोगों के साथ पहुंच गए और ट्रैक्टर को छुड़ाने के लिए ईंट-पत्थर चलाना आरंभ कर दिया। घटना में वाहन चालक जवान रवि कुमार व जवान बलराम सिंह जख्मी हो गए। स्थिति बिगड़ते देख थाना से अतिरिक्त बल को बुलाया गया। इसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस ने एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। मौके से सुनील पासवान, अनिल पासवान व रिशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
फसल क्षतिपूर्ति के लिए 18 तक करें आवेदन यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार