कोई नहीं रहे भूखा, समाजसेवियों ने छेड़ा अभियान

फोटो : 18 एमयूएन 15

जेएनएन, मुंगेर : लॉकडाउन के दौरान जरूरमंद के लिए विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाएं आगे आ रही है। रहमानी फाउंडेशन भी विपदा की घड़ी में लोगों को राहत पहुंचा रही है। रहमानी फाउंडेशन मुंगेर ही नहीं बिहार के अन्य जिलों में भी जरूरतमंद की मदद के लिए अभियान चला रही है। मुंगेर, नालंदा, बिहारशरीफ, गया, पटना, मुजफ्फरपुर, चंपारण, अररिया आदि जिलों में अब तक 11 हजार से अधिक लोगों को राहत पहुंचा चुकी है। संस्था के अध्यक्ष और सचिव ने कहा कि इस कठिन घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना, बहुत बड़ी बात है। हम सबों को इसी तरह इंसानियत की सेवा के लिए धर्म और जाति भाव से ऊपर उठकर काम करते रहना चाहिए।

मिर्जापुर बरदह के मुखिया प्रतिनिधि परवेज चांद द्वारा गरीब असहाय व मजदूरों के बीच राशन का वितरण किया गया। परवेज चांद द्वारा तीन सौ लोगों के बीच आटा, चावल, दाल, आलू, प्याज, चीनी, चायपत्ती, साबुन आदि का वितरण किया गया। वहीं, भाजपा नेता संजीव मंडल ने दर्जनों विधवा एवं दिव्यांगों के बीच खाद्यान्न सामग्री का वितरण किया।
जमालपुर : कोरोना महामारी को हराने एवं लोगों को बचाने के लिए राजद नेता धीरेंद्र मंडल ने लक्ष्मणपुर, वलीपुर, गौरीपुर, हलीमपुर, केशोपुर, रामचंद्रपुर, जगदीशपुर बस्ती में पहुंच कर मास्क का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर राजद नेता बमबम यादव, चंदन पासवान आदि मौजूद थे।
हवेली खड़गपुर : एसडीओ संजीव कुमार के निर्देश पर नगर पंचायत द्वारा सामुदायिक किचन के तहत राजकीय उच्च विद्यालय में मजदूर, गरीब और जरूरतमंदों को भोजन कराया जा रहा है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं की टीम द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्ड में गरीब, जरूरतमंद, महादलित परिवार के बीच पका हुआ भोजन का पैकेट पहुंचाया जा रहा है। बड़ी दुर्गा प्रबंध समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र सिन्हा, उप सचिव अमित कुमार और उप कोषाध्यक्ष डा. अशोक केसरी, विकास कुमार और नगर पंचायत के कर्मी शारीरिक दूरी का पालन करते हुए जरूरतमंद की मदद कर रहे हैं।
तारापुर : तारापुर के मुखिया कुमार प्रणय, जिला परिषद सदस्य मंटू यादव, लोजपा नेता रोहित सिंह आदि गोपनीय रूप से प्रतिदिन जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण कर रहे हैं। वहीं, लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों से नहीं निकलने की अपील भी कर रहे हैं। इतना ही नहीं ये लोग जरुरतमंद परिवार के मुखिया को अपना मोबाइल नंबर देकर यह भी कह रहे हैं कि यदि आगे भी किसी सामग्री की जरूरत हो तो आप एक फोन कर सूचना दें। आपके एक फोन पर बिना घर से निकले ही जरूरत की सभी सामग्री मिल जाएगी।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार