प्रभावी दिख रहा लॉकडाउन, मनमानी करने वालों पर हुई सख्ती

गोपालगंज : संपूर्ण जिले लॉकडाउन की व्यवस्था दिन प्रतिदिन सख्त होती जा रही है। सख्ती का आलम यह कि शहर से लेकर गांवों तक में हाट बाजार की दुकानें पूर्ण रूप से बंद हैं। यहां तक कि चाय की दुकानें भी बंद हैं। लोग घरों में कैद हैं। चौक-चौराहों पर पुलिस का पहरा है। इस बीच मनमानी वाले लोग सुरक्षा कर्मियों के निशाने पर हैं। पुलिस कर्मी उन्हें खदेड़ने के साथ कानूनी कार्रवाई भी कर रही है। इस बीच पुलिस वाले लोगों को उठक-बैठक कराने से लेकर कई दंड दे रहे हैं। प्रथम चरण लॉकडाउन के दौरान कुछ शांत दिख रही पुलिस भी अब पूरे फार्म में है। इस बीच पिछले छह दिन में सात सौ से अधिक वाहनों से जुर्माना राशि की वसूली की जा चुकी है। यह अभियान रविवार को भी पूरे जिले में जारी रहा।

अभी वर्तमान समय में लॉकडाउन का दूसरा चरण चल रहा है। दूसरे चरण की शुरुआत के समय से ही पुलिस कुछ अधिक सतर्कता दिखा रही है। पिछले चार-पांच दिन से लॉकडाउन तोड़ने में बदनाम रहे इलाकों व गली मुहल्लों में चहलकदमी करने वाले लोगों पर पुलिस की नजर बढ़ गई है। पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर की गलियों तक में भी गश्त बढ़ा दी गई है। रविवार को सुबह के 10 बजे थे। सदर अस्पताल की ओर से एक बाइक पर एक महिला को साथ लेकर युवक बंजारी चौक की ओर जा रहा था। डाकघर चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका। घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। युवक ने महिला की इलाज की बात बताई। पुलिस कर्मियों ने युवक से लॉकडाउन के बारे में पूछा और एहतियात के तौर पर विशेष परिस्थिति में ही घर से बाहर निकलने की बात बताकर छोड़ दिया। कुछ ही देर के बाद तेज रफ्तार बाइक से पहुंचे एक युवक को बगैर मास्क का देखकर ड्यूटी पर तैनात जवानों ने रोककर पूछताछ की। इस बीच बाहर निकलने का पर्याप्त कारण नहीं बता पाने की स्थिति में युवक की डंडे से पिटाई कर दी गई। उधर पुलिस ने जिले की सीमा को सील करने के बाद सीमावर्ती इलाकों में बाइक लेकर निकलने वाले लोगों की जांच की। इस दौरान जरूरी काम से भी बगैर ड्राइविग लाइसेंस व हेलमेट पहने निकलने पर पुलिस ने जुर्माना वसूला।
इनसेट
घरों में बीत रहा लोगों का समय
गोपालगंज : देशभर में खौफ मचा रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में कैद हो गए हैं। सड़कों पर लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात हैं। मुख्य सड़कों पर इक्का दुक्का ही लोग नजर आ रहे हैं। हालांकि शहर की गलियों में युवक घरों से बाहर निकल रहे हैं। लेकिन पुलिस की सख्ती की वजह से उन्हें वापस घर लौटने को विवश होना पड़ रहा है।

अन्य समाचार