मानसी में किसान की छप्पर के नीचे दबने से मौत

साहेबपुर कमाल, बेगूसराय। रघुनाथपुर करारी पंचायत के रघुनाथपुर ग्राम निवासी 56 वर्षीय किसान सोचो यादव की मौत रविवार रात्रि आई आंधी-तूफान में छप्पर के नीचे दबने से हो गई। वे खगड़िया जिला के मानसी थाना क्षेत्र के झमठा भराठ गांव फसल कटवाने गए थे। मृतक किसान का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। स्वजनों ने बताया कि उनकी खेती खगड़िया जिले के फरकिया क्षेत्र में झमठा भराठ गांव के निकट होती है। वे अपनी फसल कटवाने वहां गए थे। एक सप्ताह पूर्व गेहूं की तैयार फसल लेकर आए थे। शेष बची हुई फसल एवं भूसा लाने गए थे। वे रविवार की रात्रि झमठा भराठ गांव में ही दिग्विजय यादव के चदरे से बनी छप्परयुक्त झोपड़ी में सोए थे। अचानक तेज आंधी के कारण छप्पर उसके शरीर पर गिर गया और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मानसी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची एवं शव को पोस्टमार्टम के बाद घर भेजवाया। शव पहुंचते ही स्वजनों में चीख पुकार मच गई। दिवंगत किसान को छह पुत्र एवं तीन पुत्री है। चार बेटे दिल्ली में मजदूरी करते हैं। चारों बेटे लॉकडाउन के कारण दिल्ली में ही फंसे हुए हैं।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार