जिला जज, डीएम और एसपी आवास भी कंटेनमेंट जोन में

मधुबनी। जिले में पांच व्यक्तियों के कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। कंटेनमेंट जोन को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में हर गतिविधि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कंटेनमेंट जोन में सभी लोगों को अपने घरों में रहने के लिए ही कड़ा निर्देश दिया गया है।

जिले में कोरोना पॉजीटिव पांच व्यक्ति चार जगहों से मिले थे। इस कारण चारों जगहों को सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जिन स्थानों पर कोरोना पॉजीटिव व्यक्ति मिला उसके तीन किमी परिधि को सील किया गया है। शहरी क्षेत्र में महिला जवान के पॉजिटिव होने पर इस एरिया में तीन किमी क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इस कारण जिला जज, डीएम, एसपी, सिविल सर्जन, सदर एसडीओ, सदर एसडीपीओ, कई अन्य प्रशासनिक एवं न्यायिक पदाधिकारियों तथा कर्मियों के आवास, सदर अस्पताल, न्यायालय, जिला परिषद व डीआरडीए कार्यालय, समाहरणालय, शिक्षा विभाग के कार्यपालक, कई प्रमुख अखबारों के दफ्तर भी इस जोन में आ गए हैं।
बाहर से आने वाले लोगों की बढ़ी संख्या, किए जा रहे क्वारंटाइन यह भी पढ़ें
आपातकालीन व अनिवार्य सेवा को छोड़कर आवाजाही पर पूरी तरह रोक
कंटेनमेंट जोन में आपातकालीन एवं अनिवार्य सेवा को छोड़कर शेष सभी प्रकार के वाहनों एवं व्यक्तियों के आवागमन पर जिला प्रशासन ने पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक व्यक्ति को होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया है। इंट्री एवं एक्जिट प्वाइंट को बांस व बल्ले से घेरकर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सिपाही की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। अति आवश्यक कार्यों से आने-जाने वाले लोगों की लिस्टिग के साथ थर्मल स्क्रीनिग करने का भी आदेश दिया गया है। मधुबनी नगर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय गंगासागर, भौआड़ा क्वारंटाइन सेंटर में रह रही एक महिला सिपाही के कोरोना पॉजीटिव होने की जांच में पुष्टि के बाद इस स्थल के तीन किमी परिधि को सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जिले से 511 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें से 481 की रिपेार्ट आई है। पांच पॉजिटिव व 476 निगेटिव केस हैं। 30 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार