Happy Birthday: 33 साल के हुए टीम इंडिया के 'हिटमैन' रोहित शर्मा

टीएम इंडिया (Team India) के सलामी बल्लेबाज यानी 'हिटमैन' (Hitman) रोहित शर्मा (Rohit Sharma) आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। रोहित शर्मा 33 साल के हो गए हैं। 30 अप्रैल 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बंसोड नामक स्थान पर रोहित शर्मा का जन्म हुआ था।

नई दिल्ली: टीएम इंडिया (Team India) के सलामी बल्लेबाज यानी 'हिटमैन' (Hitman) रोहित शर्मा (Rohit Sharma) आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। रोहित शर्मा 33 साल के हो गए हैं। 30 अप्रैल 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बंसोड नामक स्थान पर रोहित शर्मा का जन्म हुआ था। रोहित मूलत: हैदराबाद के हैं। क्रिकेट का ककहरा मुंबई में कोच दिनेश लाड से सिखाया। सचिन तेंदुलकर के गुरू रमाकांत आचरेकर के शागिर्द रह चुके हैं। रोहित की प्रतिभा और कौशल का तो हर कोई कायल था और है, उन्होंने खूब उतार-चढ़ाव झेले हैं।
रोहित शर्मा शुरुआत में एक गेंदबाज बनना चाहते थे और उन्होंने अपना करियर एक ऑफ स्पिनर के तौर पर शुरू किया था। बात उस समय की है जब रोहित जूनियर क्रिकेट खेलते थे। साल 2005 में श्रीलंका की जूनियर टीम भारत के दौरे पर आई। पचास ओवर के एक मैच के दौरान रोहित के दाहिने हाथ की उंगली टूट गई। इस चोट ने गेंदबाज के तौर पर उनका करियर तकरीबन खत्म कर दिया, क्योंकि रोहित शर्मा अब गेंद को ठीक से ग्रिप नहीं कर पा रहे थे। यहीं से उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना शुरू किया। इसके बाद आपको पता ही है कि विश्व क्रिकेट को एक ऐसा बल्लेबाज मिला जिसके लिए एकदिवसीय क्रिकेट में नया नाम दे दिया गया और वो नाम है 'हिट मैन'।
मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने वाले रोहित ने अपना पहला इंटरनेशनल वनडे 2007 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अपनी बल्लेबाजी से बड़े-बड़े लक्ष्य को भी बौना साबित कर देते हैं। रोहित शर्मा के नाम एक, दो नहीं बल्कि तीन-तीन दोहरे शतक लगाए हैं। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 2014 में 264 रनों की पारी खेली थी जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है। टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने धमाकेदार शुरुआत की और अपनी पहली दोनों पारियों में उन्होंने सेंचुरी लगाई। इसके बाद हालांकि वह अगली 16 पारियों में सिर्फ दो बार पचास का स्कोर पार किया। हालांकि पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने टेस्ट में बतौर ओपनर बल्लेबाजी की और शतक लगाए।
क्रिकेट को हर फॉर्मेट में रोहित बड़ी पारियों के लिए मशहूर हैं। टी20 क्रिकेट में भी इस बल्लेबाज ने ऐसा कमाल किया है जिसे आज तक कोई नहीं कर पाया। रोहित ने टी20 में चार शतक बनाए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2015 में रोहित ने धर्मशाला में पहला शतक बनाया था। इंदौर में 2017 में रोहित के बल्ले से दूसरा टी20 शतक श्रीलंका के खिलाफ आया। 2018 में रोहित ने पहले इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ शतक की हैट्रिक पूरी की। वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में उन्होंने चौथा टी20 जमाकर इतिहास रच दिया। ऐसा करने वाले दुनिया के एकलौते बल्लेबाज बन गए।
इंग्लैंड और वेल्स में खेल गए आईसीसी विश्व कप में रोहित शर्मा ने 5 शतक जमाया था। ऐसा करने वाले रोहित दुनिया के एक मात्र बल्लेबाज हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुश्किल हालात में रोहित ने जो विश्व कप में शतकों का आगाज किया उसे पाकिस्तान, इंग्लैंड, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ भी जारी रखा। कुल पांच शतक जड़ रोहित ने अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज करवाया जिसे तोड़ना मुश्किल होगा।

अन्य समाचार