न्यूजीलैंड क्रिकेट के वार्षिक पुरस्कारों में केन विलियमसन बने सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी

ऑकलैंड। न्यूजीलैंड क्रिकेट के वार्षिक पुरस्कारों में कप्तान केन विलियमसन को साल भर में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए गुरुवार को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी चुना गया है। वहीं, रोस टेलर को पुरुष टी-20 और सोफी डिवाइन को महिला टी-20 के लिए वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। सूजी बेट्स महिला वर्ग में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ वन खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल करने में सफल रही हैं।

कोविड-19 महामारी के कारण पहली बार इन पुरस्कारों को ऑनलाइन दिया गया। विलियमसन ने पिछले साल बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और कप्तान के तौर पर न्यूजीलैंड की टीम को विश्व कप फाइनल में भी पहुंचाया। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने विश्व कप में दो शतकों की मदद से 578 रन बनाए और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा, "पिछले साल आईसीसी विश्व कप में केन ने बेजोड़ प्रदर्शन किया। वह इस पुरस्कार का हकदार थे।" अनुभवी टेलर ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 130 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए। सूजी बेट्स ने महिला वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में दो अर्धशतक बनाए जबकि डिवाइन ने महिला टी20 में अपना पहला शतक लगाया और 71 के औसत से 429 रन बनाए।
बता दें कि इससे पहले सलामी बल्लेबाज टॉम लाथम को बुधवार को न्यूजीलैंड का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और तेज गेंदबाज टिम साउदी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। लाथम को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुने जाने पर रेडपाथ कप दिया गया, जिस पर पिछले सात वर्षों से केन विलियमसन या रोस टेलर का कब्जा रहा था। लाथम ने पहली बार यह पुरस्कार हासिल किया है। साउदी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में विंडसर कप मिला। उन्होंने 2014 के बाद पहली बार यह पुरस्कार हासिल किया। इस बीच ट्रेंट बोल्ट और नील वैगनर ही यह पुरस्कार पाते रहे।

अन्य समाचार