पिपराडीह सरेह में एक हिरण का शिकार



पश्चिमी चंपारण। मदनपुर वन क्षेत्र के पिपराडीह सरेह में एक हिरण का शिकार की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उक्त हिरण के अवशेष को बरामद कर लिया है। इस संबंध में तीन नामजद शिकारियों सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम वन कर्मियों को सूचना मिली कि लौकरिया थाने के पिपराडीह सरेह में एक हिरण का शिकार कर मांस का बंटवारा किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वन कर्मियों की टीम उक्त क्षेत्र में पहुंची जिन्हें देख शिकारी हिरण के अधिकतर भाग को काटकर फरार हो गए। मौके से टीम ने उसके अवशेषों को बरामद किया जांच में पाया गया कि बरामद अवशेष हिरण का है। प्रभारी वनक्षेत्र पदाधिकारी अवधेश प्रसाद सिंह ने बताया कि इस संबंध में तीन नामजद सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए बरामद अवशेष का पोस्टमार्टम करने के बाद मिट्टी में दफना दिया गया। एक अन्य जानकारी में बगहा वन क्षेत्र के कर्मियों ने गश्ती के क्रम में मंगलपुर के पास गंडक नदी से एक हिरण का शव बरामद किया गया है। बगहा वन क्षेत्र पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि उसकी मौत पानी में डूबने के कारण हो गई है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे दफना दिया गया। वही एक अन्य हिरण जो जंगल से भटककर रिहायशी इलाके मे प्रवेश कर गया था, उसे रेस्क्यू कर शनिवार को मदनपुर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार