जनता की बेहद मांग पर, रामानंद सागर के शो 'रामायण' का प्रसारण , एक बार फिर से..!

राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन पर अपना जलवा बिखेरने के बाद रामानंद सागर का प्रतिष्ठित धारावाहिक 'रामायण' अब स्टार प्लस की शोभा बढ़ाने जा रहा है। शो में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले कलाकार सुनील लहरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करके इस बात की जानकारी दी है। हालांकि इस बात की चैनल की तरह से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस धारावाहिक ने दूरदर्शन पर ऑन एयर होते हुए टीआरपी के पिछले पांच साल पुराने सभी रिकार्डों को ध्वस्त कर दिया था। अब इस शो का प्रसारण 4 मई से भारत के प्रमुख जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों में से एक स्टार प्लस पर होने जा रहा है। देश में कोरोना वायरस के आ जाने से मनोरंजन का अकाल हो चला था। सभी फिल्मों और धारावाहिकों की शूटिंग पर रोक लग गई थी और देशभर में लॉकडाउन लागू हो गया था।
Duniya ka sabse zyada dekha jaane wale show ka record banane wale program Ko Ek Bar aur dekhne ka aur sarhaane ka avsar. #Ramayan, 4 May se har roz shaam 7:30 baje @starplus par. #RamayanOnStarPlus
A post shared by Sunil Lahri (@sunil_lahri) on May 3, 2020 at 5:19am PDT

इसके बाद सभी चैनलों ने अपने अपने दर्शकों को बरकरार रखने के लिए अपने पुराने लोकप्रिय धारावाहिकों को अपने चैनलों पर पुनः प्रसारित करना शुरू कर दिया। यही किया दूरदर्शन ने भी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रमुख प्रकाश जावड़ेकर ने रामानंद सागर के शो 'रामायण' को जनता की मांग पर वापस लाने की घोषणा की।
इस शो ने टीआरपी के मामले में कुछ ऐसे करतब कर दिखाए जो पिछले पांच सालों में किसी भी चैनल पर किसी भी धारावाहिक ने नहीं किए। अब जब यह शो दूरदर्शन पर खत्म हो चुका है तो इसमें अब स्टार प्लस की रुचि जागी है और उसने 4 मई से इसे अपने यहां प्राइम टाइम में हर रोज शाम साढ़े सात बजे प्रसारित करने का फैसला किया है।
इस शो में अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया, अरविंद त्रिवेदी, सुनील लहरी, दारा सिंह आदि कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। इस चैनल पर पहले से ही पौराणिक कथाओं पर आधारित कई धारावाहिक पुनः प्रसारित किए जा रहे हैं जिसमें स्वास्तिक प्रोडक्शन के बैनर तले बना धारावाहिक महाभारत भी शामिल है।

अन्य समाचार