रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी से सीखी है कप्तानी: अंबाती रायडू

चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज अंबाती रायडू का कहना है कि मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कप्तानी के गुर महेंद्र सिंह धोनी से सीखे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के एक लाइव सेशन में रायडू ने यह बात की। रोहित शर्मा आईपीएल के अबतक के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को इंडियन प्रीमियर लीग के चार खिताब जितवाएं हैं। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में सीएसके ने तीन बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है।

महेंद्र सिंह धोनी को दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। उनकी कप्तानी में भारत ने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी अपने नाम की है। 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप, 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी भारत ने धोनी की कप्तानी में ही जीती थीं। धोनी की कप्तानी को आदर्श माना जाता है और कई नए कप्तान उनसे प्रेरणा लेते हैं।
रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी के अंतर पर बात करते हुए अंबाती रायडू ने कहा, ''महेंद्र सिंह धोनी हम सबके कप्तान है, इसलिए रोहित धोनी से कप्तानी सीखकर ही कप्तान बने हैं। रोहित ने उनसे बहुत कुछ सीखा है। दोनों में कोई बहुत फर्क नहीं है, मुझे लगता है वह सही दिशा में जा रहे हैं।''
उन्होंने कहा, ''मुंबई के इस क्रिकेटर को धोनी के स्तर तक पहुंचने के लिए अभी बहुत लंबा सफर तय करना है, लेकिन मुझे विश्वास है वह ऐसा कर लेंगे।'' इससे पहले गौतम गंभीर ने भी कहा कि रोहित शर्मा आज जहां हैं, उसका कारण महेंद्र सिंह धोनी हैं। आप चयन समिति और टीम प्रबंधन के बारे में बात कर सकते हैं, लेकिन अगर आपको अपने कप्तान से समर्थन नहीं मिलता तो यह सब बेकार है। सब कुछ कप्तान के हाथों में है।
वहीं टीम इंडिया के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा था कि मुंबई इंडियंस के इस कप्तान में वही गुण हैं, जो महेंद्र सिंह धोनी में हैं। रोहित भी धोनी की तरह खिलाड़ियों के नजरिये से सोचते हैं।
क्रिकेट मैदान पर कौन है एमएस धोनी की 'तिल्ली', जिन्हें लॉकडाउन में आई माही की याद
इस बीच रायडू ने सीएसके टीममेट सुरेश रैना के बारे में कहा कि बाएं हाथ का यह बल्लेबाज टीम इंडिया में वापसी जरूर करेगा। 34 साल के अंबातू रायडू ने कहा, ''सुरेश रैना में अभी बहुत क्रिकेट बचा है, मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि वह टीम इंडिया में वापसी जरूर करेंगे।''
For Hindustan : हिन्दुस्तान ई-समाचार पत्र के लिए क्लिक करें epaper.livehindustan.com

अन्य समाचार